मनोहरपुर | मनोहरपुर थाना क्षेत्र के मनीपुर पावर ग्रिड चौक के समीप शनिवार शाम करीब छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्रामीण चिकित्सक प्रहलाद महतो (45) की मौत हो गयी. आयरन ओर लदे तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद प्रहलाद सड़क पर गिर गये और हाइवा के नीचे आ गये. हादसे में उनका सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. प्रहलाद महतो मनोहरपुर के बड़पोस निवासी थे. हादसे के वक्त वह शिक्षक अशोक सिंहा के साथ मीनाबाजार से मनोहरपुर लौट रहे थे. मनीपुर चौक के पास पीछे से आ रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
शव उठाने पहुंची पुलिस, ग्रामीणों ने रोक दिया वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए हटाने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और शव को वाहन में ले जाने का विरोध करने लगे. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सूचना दिये बिना शव हटाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया और स्पष्ट कहा कि मांग पूरी होने तक न तो शव ले जाने दिया जायेगा और न ही जाम हटेगा।
पत्नी, बेटे-बेटी समेत मौके पर पहुंचे परिजन
सड़क जाम के दौरान मृतक की पत्नी कमला महतो, बेटे संवेद्र महतो, बेटी और अन्य रिश्तेदारों के साथ दर्जनों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे. परिजनों का कहना है कि परिवार के सामने अब बड़ा संकट खड़ा हो गया है और उचित मुआवजे के बिना वे शव नहीं ले जाने देंगे.
डीएसपी, बीडीओ और श्रम निरीक्षक ने समझाने का किया प्रयास
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद डीएसपी डेविड ए. डोडराय, बीडीओ शक्ति कुंज, श्रम निरीक्षक अजय कुमार समेत पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे. ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में शामिल हाइवा सेल के ठेकेदार एनके मिनिरल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के लिए चलता है. उनका कहना है कि जब तक कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत नहीं करता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा.
डेढ़ घंटे से सड़क जाम, मौके पर तनाव
खबर लिखे जाने तक करीब डेढ़ घंटे से सड़क जाम है। सड़क पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को सामान्य कराने के लिए परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं।
