चक्रधरपुर : प्रत्येक सावन के महीने में महादेवशाल में भक्तों की भीड़ उमड़ती है. यहां भक्तों के लिए भजन संध्या व अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है. हर साल भक्तों की संख्या में इजाफा हो रहा है. इस साल मुंबई से भी मशहूर कलाकार ईशरत शामिल हो रही हैं. इस साल प्रीत सेवा संघ चक्रधरपुर की ओर से 16 अगस्त, रविवार को बाबा महादेवशाल धाम परिसर में भव्य भजन संध्या सह भंडारा का आयोजन किया गया है. इसे लेकर संस्था के प्रमुख कमल अजमानी समेत अन्य आयोजकों की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं. धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.
नृत्य की भी दी जाएगी प्रस्तुति
कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ की भक्ति पर आधारित भजन संध्या के साथ आकर्षक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति भी होगी. आयोजकों के अनुसार मुंबई की इशरत, टाटानगर की मिली मुखर्जी व धर्मेंद्र केजरीवाल भजनों की प्रस्तुति देंगे. वहीं, चक्रधरपुर के उत्तम साह, अमित शर्मा और सुभाष तिवारी भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे. टाटानगर का संजय एंड ग्रुप सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति में वाद्य यंत्र से सहयोग करेंगे.
10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा
आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे की व्यवस्था की गई है. इसमें करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को प्रसाद उपलब्ध कराने की तैयारी है. आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशाल टेंट लगाया जा रहा है. साथ ही बैठने, प्रसाद वितरण समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है. आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ लोगों को भक्ति, संगीत और संस्कृति से जोड़ना है. समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं व आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में महादेवशाल धाम पहुंचकर भजन संध्या का आनंद लेने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है.
