Chaibasa News : गोइलकेरा उप-डाकघर के आरडी खातों में नहीं जमा की गयी राशि, ग्राहकों का हंगामा

गोइलकेरा उप-डाकघर के आरडी खातों में ग्राहकों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए शनिवार को हंगामा किया. ग्राहकों ने एजेंट पर प्रतिदिन कलेक्शन के बावजूद खातों में राशि जमा नहीं करने का आरोप लगाया है.

गोइलकेरा.

गोइलकेरा उप-डाकघर के आरडी खातों में ग्राहकों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए शनिवार को हंगामा किया. ग्राहकों ने एजेंट पर प्रतिदिन कलेक्शन के बावजूद खातों में राशि जमा नहीं करने का आरोप लगाया है. ग्राहकों ने शनिवार को उप-डाकघर के डाकपाल विमल कुमार से मामले की शिकायत की. खातों में राशि जमा नहीं करने पर आक्रोश जताया. ग्राहकों ने आरोप लगाया कि आरडी एजेंट चंद्रा देवी के पति रासबिहारी दास ने आरडी खातों में राशि जमा करने के लिए प्रतिदिन के हिसाब से कलेक्शन किया. पर अभी तक खातों में राशि नहीं जमा की गयी है.

कुछ ग्राहकों ने दो और कुछ ने एक माह की राशि नहीं जमा करने का आरोप लगाया. यह राशि लाखों में बतायी जा रही है. वहीं पिछले 15 दिनों से एजेंट के पति उप डाकघर नहीं आ रहे हैं. इससे ग्राहकों की चिंता बढ़ गयी है. शनिवार को चंद्रा देवी के उप डाकघर पहुंचने पर ग्राहकों ने पैसे जमा नहीं करने के बाबत उनसे पूछताछ की. चंद्रा देवी ने बताया कि उनका पति पैसा कलेक्शन करते हैं. कितने ग्राहकों के खातों में गड़बड़ी हुई है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. बाद में लोगों ने रासबिहारी दास को उनके घर से पोस्टऑफिस लाया. साथ ही पुलिस को भी मामले की जानकारी दी. थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा भी उप डाकघर पहुंचे. पोस्टमास्टर एवं ग्राहकों से इसकी जानकारी ली. सोमवार तक रासबिहारी को उप डाकघर में ग्राहकों को उनका हिसाब देकर पैसे जमा करने का अल्टीमेटम दिया गया है.

पैसा देने के बाद भी राशि जमा नहीं हुई

ग्राहकों में दीपक गुप्ता, प्रियेश, रोहित, सागर चौरसिया समेत दर्जनों ग्राहकों ने बताया कि एजेंट के पति द्वारा अक्तूबर तक आरडी की राशि के लिए प्रतिदिन क्लेक्शन किया गया. पर उनके खातों में यह राशि जमा नहीं की गयी. दो-तीन महीनों तक कलेक्शन की गई राशि का एजेंट द्वारा हिसाब नहीं दिया जा रहा है.

आरडी खातों में शेड्यूल से जमा होती है राशि

पोस्टमास्टरपोस्टमास्टर विमल कुमार ने बताया कि एजेंट द्वारा आरडी खातों के लिए बाजार में घूमकर प्रतिदिन कलेक्शन किया जाता है. लेकिन यह राशि शेड्यूल में महीने में पोस्ट ऑफिस में जमा होता है. जिन ग्राहकों का शेड्यूल में राशि प्राप्त हुआ है उसे जमा कर दिया गया है. अधिकांश ग्राहक दो से तीन महीने की राशि एजेंट को देने के बावजूद जमा नहीं होने की शिकायत कर रहे हैं. एजेंट भी 15 से 20 दिनों से पोस्ट ऑफिस नहीं आ रहा है.

प्राथमिकी दर्ज कर की जायेगी कार्रवाई

थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने कहा कि सभी ग्राहकों को अपने पासबुक में एंट्री कराने और गड़बड़ी की गई राशि का विवरण देने को कहा गया है. इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. सोमवार तक एजेंट को भी ग्राहकों से कलेक्शन की गई राशि का हिसाब देने को कहा गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >