86 स्टेशनों पर तिरंगे को सलामी, चक्रधरपुर रेल मंडल ने दिखाया 'न्यू इंडिया' का विजन

चक्रधरपुर रेल मंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर डीआरएम तरुण हुरिया ने तिरंगा फहराया. रेल मंडल की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर दी विस्तृत जानकारी.

चक्रधरपुर : स्वतंत्रता दिवस पर चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय सहित 86 स्टेशनों और सैकड़ों सरकारी, गैर-सरकारी संस्थानों व यूनियन कार्यालयों में देशभक्ति के साथ आजादी का जश्न मनाया गया. चक्रधरपुर के इकबाल सिंह संधु स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में तिरंगे को सलामी देने के साथ ही रेलवे की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका भी प्रस्तुत किया गया. मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आरपीएफ जवानों, भारत स्काउट एंड गाइड, सेंट जॉन एंबुलेंस और एनसीसी कैडेटों की आकर्षक परेड का निरीक्षण किया. इस दौरान स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और डॉग शो ने समारोह को और भी खास बना दिया.

बदलते समय के साथ देश को मजबूत बनना जरूरी : डीआरएम

अपने संबोधन में डीआरएम ने कहा कि बदलते समय के साथ देश को आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और सामरिक रूप से मजबूत बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारतीय रेल '52 सप्ताह, 52 सुधार' के लक्ष्य के साथ लगातार आगे बढ़ रही है. डीआरएम ने बताया कि देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन के परिचालन के साथ भारत में ग्रीन मोबिलिटी के नए युग की शुरुआत हो चुकी है. वहीं, क्षेत्रीय विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए राजखरसावां-डांगुवापोसी-थौथी रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी मिल चुकी है.

जुलाई तक माल ढुलाई से 4451.60 करोड़ रुपये का राजस्व

चक्रधरपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक 53.48 मिलियन टन माल लदान किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.28 प्रतिशत अधिक है. माल परिवहन से 4451.60 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ. वहीं, यात्री परिवहन से 193.96 करोड़ रुपये और टिकट जांच से 7.93 करोड़ रुपये की आय हुई. रेल मंडल ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा किया है. आसनबोनी-सलगाझरी तीसरी रेल लाइन पर ट्रेनों की गति 90 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है. टाटानगर और मनोहरपुर स्टेशनों पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए गए हैं. इसके अलावा, रेल मंडल में सौर ऊर्जा, हाई मास्ट टावर और आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली का विस्तार किया गया है.

नन्हे फरिश्ते से लेकर ऑपरेशन जीवन रक्षक तक उल्लेखनीय उपलब्धियां

रेलवे सुरक्षा बल ने 'नन्हे फरिश्ते' अभियान के तहत 181 बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया. वहीं, 'ऑपरेशन जीवन रक्षक' के तहत सात लोगों की जान बचाई गई. स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे अस्पताल में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर शुरू किया है, जबकि जल्द ही ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू होने वाली है. इस अवसर पर मंडल सुरक्षा आयुक्त ए. नवीन प्रसात, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुब्रत मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक अजितेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी डॉ. ऋषभ सिंहा समेत रेलवे के कई अधिकारी, कर्मचारी और दपू रेलवे महिला कल्याण संगठन के सदस्य उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >