Chaibasa Congress Camp: झारखंड के चाईबासा में कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 22 मार्च से शुरू हो रहा है. इस शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और नए नेतृत्व को तैयार करना है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस भवन में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह शिविर पार्टी के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा.
31 मार्च को समापन सत्र में शामिल होंगे राहुल गांधी
शिविर का समापन 31 मार्च को होगा, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी मुख्य रूप से शामिल होंगे. उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. इस मौके पर वे संगठन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी देंगे.
झारखंड और ओडिशा के जिलाध्यक्ष होंगे शामिल
इस प्रशिक्षण शिविर में झारखंड और ओडिशा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष भाग लेंगे. जानकारी के अनुसार, ओडिशा के 35 और झारखंड के 25 जिलाध्यक्ष इसमें शामिल होंगे. इस दौरान उन्हें संगठन विस्तार, जनसंपर्क और नेतृत्व क्षमता के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी.
नेतृत्व विकास और रणनीति पर होगा फोकस
शिविर के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन को मजबूत करने, आम जनता से जुड़ने और राजनीतिक रणनीति बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इसमें नेताओं को यह सिखाया जाएगा कि कैसे जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं को समझकर उन्हें पार्टी की नीतियों से जोड़ा जाए.
फील्ड विजिट और जनसंवाद का भी होगा आयोजन
कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्षों को दो दिनों का फील्ड विजिट भी कराया जाएगा. इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सीधे आम लोगों से संवाद करेंगे. यह पहल नेताओं को जमीनी हकीकत से रूबरू कराने और जनता की समस्याओं को समझने में मददगार साबित होगी.
कई वरिष्ठ नेता देंगे प्रशिक्षण
शिविर में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. इसमें के. राजू, अजय कुमार लल्लू, भक्त चरणदास और शशिकांत सेंथिल सहित अन्य नेता शामिल होंगे. इसके अलावा विभिन्न सत्रों में प्रदीप यादव, राधाकृष्ण किशोर, डॉ इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, राजेश कच्छप, बंधु तिर्की, डॉ अभय सागर मिंज, संजय बसु मल्लिक और दयामनी बारला प्रशिक्षण देंगे.
इसे भी पढ़ें: बारिश में खुल गई नोवामुंडी ओवरब्रिज की सफाई की पोल, बजबजाती नालियों से निकल पड़ा पानी
संगठन को मजबूत करने की बड़ी पहल
कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने का प्रयास है. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि इस पहल से आने वाले समय में संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा और जनता के बीच पार्टी की पकड़ और बेहतर बनेगी.
इसे भी पढ़ें: नहाय-खाय के साथ आज से शुरू हो गया चैती छठ महापर्व, मंगलवार को पहला अर्घ्य
