संवाददाता, चाईबासा
चक्रधरपुर स्थित चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के सदस्य आशीष पाड़िया के प्रतिष्ठान मेसर्स रशमी इलेक्ट्रॉनिकक्स में हुई भीषण चोरी की घटना पर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गहरा दुःख एवं चिंता व्यक्त की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के मोबाईल फोन, लैपटॉप एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी हुई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हो गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष संजय चौबे के नेतृत्व में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाश्मी से मिला. प्रतिनिधिमंडल में निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष दुर्गेश खत्री, संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा, अनुमंडलीय उपाध्यक्ष गोपाल खिरवाल, सदस्य आकाश अग्रवाल एवं महेश मोदी उपस्थित थे.
बढ़ रही व्यापारिक समुदाय में असुरक्षा की भावना
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन के समक्ष व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हाल के दिनों में चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि से व्यापारिक समुदाय में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. चेंबर ने मांग किया कि बाजार क्षेत्रों में विशेष रूप से रात्रि कालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए. संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा व्यापारियों एवं उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएं.
करेंत्वरित और कठोर कार्रवाई
चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित व्यापारिक वातावरण किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है. यदि व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस करेंगे तो इसका प्रतिकूल प्रभाव व्यापार, निवेश एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. इसलिए, प्रशासन को व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए.
विशेष टीम गठित कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाश्मी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेकर कार्य कर रही है. घटना के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है तथा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा. इसके उपरांत चेंबर का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित व्यवसायी आशीष पाड़िया के प्रतिष्ठान पहुंचा, जहां उन्होंने घटना की जानकारी ली, उनका मनोबल बढ़ाया तथा इस कठिन समय में चेंबर की ओर से हरसंभव सहयोग एवं सहायता का भरोसा दिलाया.
व्यापारियों की सुरक्षा प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ ने पुलिस प्रशासन से इस मामले का शीघ्र उद्भेदन कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. चेंबर भविष्य में भी व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा.
