Bokaro News : संवाददाता, बोकारो. बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह से कामकाज खत्म कर 25 मार्च की रात को घर लौट रहे रिकवरी एजेंट सोनू कुमार (चास कुंवर सिंह कॉलोनी) को तीन अपराधियों ने धमका कर लूट लिया. लूट की घटना की शिकायत रात को ही सोनू ने बालीडीह थाना इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह को दी. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया. विशेष छापेमारी अभियान चला कर 12 घंटे के अंदर (गुरुवार) लूटनेवाले तीन आरोपियों कुर्मीडीह निवासी राम कुमार यादव, प्रियांशु कुमार व रोहित कुमार को पुलिस टीम ने धर दबोचा. इसमें एक पर आठ आपराधिक मामले थाना में दर्ज है, तो दूसरे पर एक मामला दर्ज है. एजेंट के पास से लूटे गये सामान के साथ नकद राशि भी बरामद की गयी. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया.
बालीडीह थाना में जानकारी देते हुए मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता ने बताया कि रिकवरी एजेंट सोनू 25 मार्च की रात बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह से काम खत्म कर वापस घर लौट रहे थे. आरपीएफ बैरक के पास एक बाइक से तीन अपराधी आये. सोनू को रोककर मारपीट की. धमका कर पर्स के साथ दो हजार नकद, आधार कार्ड, मोबाईल व बाइक (जेएच09एवी-2018) लूट ली. धमकी देकर फोन-पे का पासवर्ड लिया. इसके बाद भाग निकले. कुछ समय बाद लूटे गये मोबाइल के माध्यम से पांच हजार तीन सौ रुपये की निकासी भी कर ली. एसपी के निर्देश पर टीम गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया. सभी को उनके बालीडीह स्थित आवास से देर रात को गिरफ्तार कर लिया गया.Bokaro News : बालीडीह : रिकवरी एजेंट लूटकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, गये जेल
Bokaro News : 25 मार्च की रात रिकवरी एजेंट को धमका कर लूटा था तीन अपराधियों ने
