Bokaro News : बोकारो में एलिफेंट कॉरिडोर को किया जायेगा समृद्ध

Bokaro News : बोकारो जिला में सभी पारंपरिक कॉरिडोर को समृद्ध किया जायेगा.

वर्ष 2025 के अंत और 2026 की शुरुआत में बोकारो जिला के आबादी वाले कई क्षेत्रों में हाथियों द्वारा उत्पात मचाये जाने के कई मामले सामने आये हैं. कई लोगों की मौत भी हुई. घटनाओं के पीछे एलिफेंट (हाथी) कॉरिडोर पर अतिक्रमण व हाथियों के निवास स्थल पर हो रही भोजन व पानी की कमी जिम्मेदार है. इसको देखते हुए वन विभाग द्वारा जिला के सभी पारंपरिक कॉरिडोर को समृद्ध किया जायेगा. इसको लेकर वन कर्मियों को पहले दौर का प्रशिक्षण दिया गया है. जानकारी के मुताबिक मुंबई की वर्ल्ड लाइफ एंड वी संस्था ने सर्व किया है. रिमोट सेंसिंग व स्थलीय भ्रमण कर रिपोर्ट तैयार की गयी है. वन कर्मियों को कॉरिडोर प्रबंधन, सुरक्षा उपाय व हाथियों के अनुकूल मार्ग रखने की तकनीक सिखायी गयी है. माना जा रहा है इस योजना के तहत जल्द ही काम शुरू होगा. हाथियों के पारंपरिक कॉरिडोर के बीच-बीच में 3.5 वर्ग किमी का क्षेत्र हाथियों के लिए विकसित किया जायेगा. कॉरिडोर में बांस समेत हाथियों के भोजन के उपयुक्त वनस्पति विकसित की जायेगी. साथ ही पानी का भंडारण किया जायेगा. कॉरिडोर में भोजन की पर्याप्त स्थायी व्यवस्था होने से हाथी गांव की तरफ नहीं जायेंगे. जानकारी के मुताबिक बांस के अलावा कटहल, आम, जामुन समेत 90 प्रजातियों के पौधे लगाये जायेंगे. जरूरत के हिसाब से क्षेत्र की घेराबंदी भी होगी, ताकि आम लोग का आगमन नहीं हो. बोकारो वन पदाधिकारी संदीप शिंदे ने कहा कि पारंपरिक कॉरिडोर को समृद्ध करने के लिए सर्वे हुआ है. वन रक्षियों को प्रशिक्षण दिया गया है.

अंडरपास या ओवरब्रिज बनाने की तैयारी

सड़क निर्माण के दौरान पारंपरिक हाथी कॉरिडोर पर असर नहीं हो, इसके लिए अंडर पास या ओवर ब्रिज बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है. बताते चले कि जिला में मुख्य रूप से नावाडीह प्रखंड, गोमिया प्रखंड व पेटरवार प्रखंड में हाथियों का विचरण होता है. गोमिया प्रखंड के लुघु बुरू पहाड़ व होन्हे जंगल में हाथियों का विचरण होता है. जहरलोंग, सिमराबेड़ा, चोरगावा, मुरपा, खखंदा, गगुपर, बेलडीह, तुलबुल, डकासाड़म, तिलैया समेत दर्जनों गांव हाथियों की आवाजाही ज्यादा रहती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >