सेक्टर चार थाना क्षेत्र के एडीएम बिल्डिंग के पास गुरूवार को दो बजे के करीब सड़क दुर्घटना में बोकारो स्टील प्लांट में कार्यरत इस्पातकर्मी घायल हो गया. बाइक सवार कर्मचारी के पैर व सिर में चोट लगी. घटना स्थल से जख्मी कर्मचारी को बीएसएल की सीनियर मैनेजर एचआर कल्पना अपनी कार से बोकारो जनरल हॉस्पिटल इलाज के लिए ले गयी.
जहां इस्पातकर्मी को आब्जर्वेशन में रखा गया है. हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे. जानकारी के अनुसार बीएसएल आरएम एंड एमएचपी के जूनियर इंजीनियर ऑपरेशन रखु हरि महतो गुरुवार दोपहर करीब दो बजे के आसपास सेक्टर पांच स्थित आवास से ड्यूटी के लिए निकले थे.
इस दौरान एडीएम बिल्डिंग के पास पहुंचते ही अचानक एक कार सामने आ गयी. अचानक ब्रेक लगाने के कारण इस्पातकर्मी की बाइक कार से टकरा गयी. इसके अलावा घटना की जानकारी मिलने के बाद सेक्टर चार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार बीजीएच पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली.
