संत जेवियर्स स्कूल में फादर केविन ग्रोगन मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू, 9 स्कूलों की 15 टीमें ले रहीं हिस्सा

बोकारो के संत जेवियर्स स्कूल में तीन दिवसीय फादर केविन ग्रोगन मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन, नौ स्कूलों की 15 टीमें ले रही हैं हिस्सा.

बोकारो. सेक्टर वन सी स्थित संत जेवियर्स विद्यालय में शुक्रवार से फादर केविन ग्रोगन मेमोरियल अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू हुआ. तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मेजबान विद्यालय के प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया.

इस अवसर पर फादर अरुण मिंज ने कहा कि संत इग्नेशियस की शिक्षण पद्धति और उनकी शिक्षाओं का उद्देश्य केवल खेल में जीत हासिल करना नहीं है. खेल के माध्यम से बच्चों में एकता, मित्रता, अनुशासन, आपसी सम्मान और खेल भावना का विकास करना भी जरूरी है. खिलाड़ियों को समर्पण, ईमानदारी और सकारात्मक भावना के साथ खेलना चाहिए.

उन्होंने कहा कि खेल मस्तिष्क को ऊर्जावान बनाता है और शरीर में फुर्ती लाता है. फुटबॉल एक प्राचीन और लोकप्रिय खेल है, जिसमें शरीर के लगभग हर अंग का व्यायाम होता है. इसलिए बच्चों को खेल के प्रति सजग रहना चाहिए.

ये भी पढ़ें: CCL की छह नंबर खदान में व्यक्ति के डूबने की आशंका, तलाश में जुटे ग्रामीण

नौ विद्यालयों की 15 टीमें ले रही हैं हिस्सा

प्रतियोगिता में नौ विद्यालयों की कुल 15 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें आठ जूनियर और सात सीनियर टीमें शामिल हैं. सीनियर वर्ग में मसी मार्शल कजरकिलो, मसी मार्शल पतकी, कार्मेल हाई स्कूल बोकारो थर्मल और संत लुईस स्कूल बालीडीह की टीमें शामिल हैं.

जूनियर वर्ग में संत लुईस स्कूल, लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल गोमिया, मसी मार्शल स्कूल पतकी और संत जेवियर्स सोशल सर्विस स्कूल की टीमें हिस्सा ले रही हैं.

पहले दो मुकाबले रहे रोमांचक

प्रतियोगिता का पहला मैच मसी मार्शल कजरकिलो और संत रॉबर्ट्स हजारीबाग के बीच खेला गया. दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और एक-एक गोल किया. मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ.

दूसरे मुकाबले में कैथोलिक आश्रम भुरकुंडा और मसी मार्शल चरही की टीमें आमने-सामने हुईं. दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किये, लेकिन कोई टीम गोल नहीं कर सकी. मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा.

लीग मुकाबले में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

शुक्रवार को प्रतियोगिता के लीग मुकाबले खेले गये. आगे के मुकाबलों में टीमें क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मैदान पर उतरेंगी. प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला.

ये भी पढ़ें: बोकारो में बनेगा नया डाक डिवीजन, प्रशासनिक कामकाज और डाक सेवाओं में आएगी तेजी

मौके पर कोषाध्यक्ष फादर थॉमस रोड्रिग्स, उप प्राचार्य देवाशीष गुप्ता, उप प्राचार्य दीपक चौधरी, सिस्टर सुनीता, सिस्टर अनुपमा, निबंधक सोनिया सोलोमन, सहायक अर्चना कुमारी समेत विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >