बोकारो. प्रखंड की चुट्टे पंचायत के खरना गांव में सर्पदंश से लगभग सात वर्षीय प्रिंस कुमार की मौत हो गयी. मृतक लोकनाथ महतो का पुत्र था. परिजनों के अनुसार प्रिंस घर में बिस्तर पर सोया था. इसी दौरान एक सांप बिस्तर पर चढ़ गया और उसने बच्चे को डस लिया. घटना के बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए हजारीबाग ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
हजारीबाग में इलाज के दौरान मौत
परिजनों के अनुसार सर्पदंश के बाद प्रिंस की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए हजारीबाग ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सर्पदंश से मौत की पुष्टि की. बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया.
घर से मिला बैंडेड करैत
प्रिंस को हजारीबाग ले जाने के बाद परिजन जब वापस घर पहुंचे, तो उन्हें घर में ही एक बैंडेड करैत सांप मिला. ग्रामीणों ने सांप को मार दिया. परिजनों का कहना है कि इसी सांप ने बच्चे को डसा था. हालांकि सांप के बच्चे को डसने की घटना और बरामद सांप के बीच संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
लगातार हो रही सर्पदंश की घटनाओं से चिंता
पंचायत के नारायण महतो ने कहा कि क्षेत्र में लगातार सर्पदंश की घटनाओं में लोगों की मौत हो रही है, जो चिंता का विषय है. मुखिया मो रियाज ने भी घटना पर दुख जताते हुए ग्रामीणों से घर और आसपास के क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने लोगों से रात में विशेष सतर्कता बरतने और सांप के काटने की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की.
ये भी पढ़ें: मतदाता सूची और SIR 2026 की प्रक्रिया तेज, जानिए बोकारो डीसी ने इआरओ और एइआरओ को क्या दिए सख्त निर्देश
