Anil Palta, बोकारो: झारखंड के पूर्व मंत्री दिवंगत माधवलाल सिंह के निधन के बाद उनके साड़म स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वाले प्रबुद्ध जनों और वरिष्ठ अधिकारियों का आना लगातार जारी है. इसी क्रम में शनिवार को रेल डीजी (DG) अनिल कुमार पालटा साड़म पहुंचे. उन्होंने पूर्व मंत्री के आवास पर जाकर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
शोकाकुल परिवार से की मुलाकात
डीजी अनिल कुमार पालटा ने पूर्व मंत्री के परिजनों और शुभचिंतकों से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में अपनी गहरी संवेदना प्रकट की. उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया कि इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति ईश्वर उन्हें प्रदान करें.
Also Read: नेहा राज हत्याकांड में खुलासे से पहले ससुराल वालों की कुटाई, मूकदर्शक बनी रही कोडरमा पुलिस
माधवलाल सिंह की सरल जीवनशैली को बताया प्रेरणा स्रोत
इस अवसर पर पूर्व मंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए रेल डीजी अनिल कुमार पालटा ने कहा कि माधवलाल सिंह पूरी तरह से एक ईमानदार और जनता के प्रति समर्पित राजनेता थे. उन्होंने राजनीति में रहते हुए हमेशा नैतिकता और सादगी को सर्वोपरि रखा. एडीजी ने जोर देकर कहा कि स्व. सिंह का सार्वजनिक जीवन और उनकी बेहद सरल जीवनशैली न केवल उनके समर्थकों के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए हमेशा एक प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी. उनके जाने से झारखंड की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में जो शून्यता आई है, उसे भर पाना बेहद कठिन है. इस मौके पर स्थानीय गणमान्य लोग और ग्रामीण भी उपस्थित थे, जिन्होंने पूर्व मंत्री के साथ बिताए पलों और क्षेत्र के विकास में उनके द्वारा दिए गए योगदानों को याद किया.
Also Read: चक्रधरपुर में बस-बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
