रांची में चल रहे छात्र आंदोलन को देखते हुए बोकारो पुलिस अलर्ट मोड में आ गयी है. सोमवार सुबह से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गयी है. प्रमुख चौक-चौराहों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ युवकों के समूहों से पूछताछ भी कर रही है.
प्रमुख मार्गों पर चल रहा जांच अभियान
चास आईटीआई मोड़, धर्मशाला मोड़, नया मोड़, बालीडीह, चास मुफस्सिल, पिंड्राजोरा, सेक्टर-12, हरला, सेक्टर-4 और सेक्टर-6 थाना क्षेत्र सहित पेटरवार, कसमार और जैनामोड़ फोरलेन पर पुलिस और ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गयी है. यहां वाहनों की सघन जांच की जा रही है. पुलिस विशेष रूप से युवकों के समूहों की गतिविधियों पर नजर रख रही है.
युवकों से की जा रही पूछताछ
पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर युवकों से उनके गंतव्य और यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी ले रही है. साथ ही कानून-व्यवस्था बनाये रखने और शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने की अपील भी की जा रही है. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गश्ती दलों की सक्रियता बढ़ा दी गयी है.
एसपी खुद कर रहे निगरानी
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. उनके साथ चास एएसपी वेदांत शंकर, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद, सीसीआर डीएसपी प्रकाश कुमार, बेरमो एसडीपीओ रवींद्र कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं.
नियमित पुलिसिंग का हिस्सा : एसपी
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि पुलिस की तैनाती, वाहन जांच और पेट्रोलिंग नियमित पुलिसिंग का हिस्सा है. जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं और सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
