चंदनकियारी.
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि हमारे बाबा शिबू सोरेन ने अलग राज्य के लिए लड़ाई लड़ कर हमारा अधिकार दिलाया. मगर झारखंड की जनता का सेवा का मौका नहीं मिला. झारखंड में सबसे अधिक समय तक भाजपा ने राज किया. जब आपके बेटे हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने तो भाजपा के लोगों ने षड्यंत्र कर उन्हें जेल में डाल दिया. आदिवासियों, दलितों, वंचितों और महिलाओं को कीड़े-मकौड़े समझते हैं भाजपा वाले. मगर यहां के लोग क्रांतिकारी हैं. छाती में गोली खाना जानते हैं, झुकना नहीं. जब तक हेमंत जी जेल से बाहर नहीं आ जाते संघर्ष जारी रहेगा. ये बातें कल्पना सोरेन ने रविवार को चंदनकियारी के सूरजुडीह मैदान में धनबाद लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गंठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही.वोट की चोट से जेल का ताला टूटेगा :
श्रीमती सोरेन ने कहा कि केंद्र में जुमलों की सरकार चल रही है. हेमंत सोरेन गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री बने तो उनके कार्यकाल में कोरोना आ गया. कोरोना के समय अन्य राज्य में फंसे प्रवासियों को हेमंत जी ने जहाज से घर लाने का काम किया. हेमंत सोरेन की गठबंधन सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना का आयु 50 वर्ष किया. ग्रीन कार्ड को 11 लाख कार्ड से बढ़ा कर 20 लाख किया गया. इन्हीं सब काम के कारण बढ़ती लोकप्रियता को देख उन्हें जेल में डाल दिया गया. अब हेमंत सोरेन को जेल भेजने वालों को जनता के बीच जा कर जवाब देना होगा. नारी अबला नहीं है. जेल के ताले की चाबी जनता के हाथों में है. वोट की चोट से जेल का ताला टूटेगा हेमंत सोरेन छूटेगा. कल्पना सोरेन ने संथाली भाषा में आदिवासियों को संबोधित करते हुए धनबाद लोकसभा के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अनुपमा सिंह को जिताने की अपील की.मेरे पास सब कुछ है, सिर्फ सेवा का मौका दें :
वहीं धनबाद लोकसभा से इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह ने चंदनकियारी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जनता से आशीर्वाद मांगा. उन्होंने कहा कि भगवान का दिया सब कुछ है मेरे पास. मैं सिर्फ जनता की सेवा करने का एक मौका देने की अपील करने आयी हूं. केंद्र में मोदी सरकार की विदाई बेला है. इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित है. देश के विकास के लिए इंडिया गठबंधन को वोट करें. पानी, बिजली और सुरक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है. केंद्र और राज्य की सरकार मिल कर राज्य में विकास को गति देंगे. अनुपमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देगी. केंद्र में इंडी गठबंधन की सरकार बनने के बाद 30 लाख सरकारी नौकरी व महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देगी. सभा में अल्पसंख्यकों की काफी भीड़ देखी गयी. सभा की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष हीरालाल मांझी व संचालन झामुमो के जेडी महतो ने किया. इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष उमेश गुप्ता, बीस सूत्री उपाध्याय देवाशीष मंडल, प्रखंड अध्यक्ष जलेश्वर दास, झामुमो राष्ट्रीय महासचिव संतोष रजवार, झामुमो चंदनकियारी प्रभारी विजय रजवार, मृत्युंजय शर्मा, जवाहरलाल महथा समेत गठबंधन के विभिन्न पार्टी नेता उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
