80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में शुक्रवार को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान पूरा सभागार राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया. विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया.
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन
उपायुक्त अजय नाथ झा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करने का अवसर प्रदान करता है, जिनकी बदौलत देश आजाद हुआ. उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. वहीं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने नागरिकों से शांति, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया.
विद्यालयों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
कार्यक्रम में एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-04 के विद्यार्थियों ने देशभक्ति वंदना पर समूह गीत प्रस्तुत किया. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चास और चंदनकियारी की छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित समूह नृत्य से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. इसके अलावा डीएवी पब्लिक स्कूल, चिन्मय विद्यालय, श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, द पेन्टिकोस्टल असेंबली स्कूल, रेनबो पब्लिक स्कूल और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं.
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में झारखंड अधिविद्य परिषद, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के जिला टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया. देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के साथ सांस्कृतिक संध्या का समापन हुआ.
