बोकारो: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक सह आयुष झारखंड के निदेशक शशि प्रकाश झा ने सोमवार को चास अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान मरीजों से स्वास्थ्य सेवा की जानकारी ली. जर्जर अस्पताल भवन को देखकर नाराजगी जतायी और चिकित्सा पदाधिकारी को नये भवन का प्रस्ताव सिविल सर्जन के माध्यम भेजने की बात कही. निरीक्षण के दौरान डॉ मनीषा सिंह ड्यूटी पर तैनात मिलीं. आयुष सीएचओ डॉ सीमा सुल्ताना अनुपस्थित थीं. योग प्रशिक्षक लक्ष्मीकांत के बारे में श्री झा को बताया गया कि योग का कोई भी कार्यक्रम संचालित नहीं किया जा रहा है.
10 बेड के नये आयुष अस्पताल चास के निरीक्षण के दौरान श्री झा ने जिला आयुष पदाधिकारी डॉ शिव शंकर तिवारी को जल्द ओपीडी शुरू करने की बात कही. जिला आयुष कार्यालय भंडार कक्ष भी निरिक्षण किया गया. दवा का स्टॉक कैंप के माध्यम से आमलोगों में वितरण करने का निर्देश दिया.
कैंप दो पंचकर्म प्रशिक्षण केंद्र में एक्सपायर दवा देखकर नाराजगी जतायी. श्री झा ने डॉ तिवारी से आयुर्वेद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ भरत कुमार विक्रम व सीएचओ नेहा सिंह का ड्यूटी रोस्टर उपलब्ध कराने को कहा. साथ ही इनके द्वारा खर्च किये गये दवाओं का स्टॉक रजिस्टर व प्राप्त दवाओं का रजिस्टर भी मांगा. निरीक्षण के दौरान जिला महामारी नियंत्रण पदाधिकारी पवन श्रीवास्तव, सहायक अभय कुमार बंटी, आयुष डीपीएम मयंक कुमार सहित अस्पताल के चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
