बेरमो. केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र क्षेत्रीय राष्ट्रीय फेडरेशनों व एसोसिएशनों के संयुक्त मंच ने 20 मई को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल की घोषणा की है. मंगलवार को नयी दिल्ली के प्यारेलाल भवन में आयोजित राष्ट्रीय श्रमिक सम्मेलन में इस आशय का निर्णय लिया गया. सम्मेलन में देश भर से लगभग 3000 मजदूरों व मजदूर प्रतिनिधियों ने भाग लिया. सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर 20 मई को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का निर्णय लिया गया.
सरकार की नीतियों की आलोचना
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार श्रम संहिताओं को लागू करने में अत्यधिक सक्रिय हो गयी है, जो समग्र रूप से कामकाजी लोगों पर आभासी गुलामी की स्थिति थोपने का एक व्यापक खाका है. ये श्रम कोड मजदूरों से उनके कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लगभग सभी अधिकार और हक छीन लेंगे. सेंट्रल ट्रेड यूनियन व फेडरेशन इस काम के घंटे, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा आदि सहित परिभाषित कार्य-स्थितियों से संबंधित श्रमिकों के सभी बुनियादी अधिकारों के लिए एक गंभीर चुनौती के रूप में लेते हैं. साथ ही, यूनियन बनाने, मान्यता, सामूहिक सौदेबाजी आंदोलन व संघर्ष और हड़ताल आदि के अधिकार सहित विरोध के किसी भी सामूहिक अभिव्यक्ति के उनके सामूहिक अधिकारों को छीनने की कोशिश है. कहा कि श्रम कोड श्रमिकों द्वारा किसी भी सामूहिक असहमति के खिलाफ क्रूर और प्रतिशोधी दंडात्मक उपाय है. श्रम संहिताओं को लागू करने के निर्णय में कॉर्पोरेट वर्ग की चल रही है. राष्ट्रीय हित के खिलाफ श्रमिकों और उनकी यूनियनों द्वारा सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज करने को भी बीएनएस की धारा 111 के अनुसार संगठित अपराध के रूप व्याख्या करने की कोशिश की जा रही है, इसीलिए श्रमिकों का यह राष्ट्रीय सम्मेलन देश के मेहनतकश लोगों से आह्वान करता है कि वे राष्ट्रीय तथा क्षेत्रीय स्तर पर एकजुट होकर संघर्ष को प्रतिरोध के उच्चतर स्तर पर ले जायें. सम्मेलन को इन मजदूर नेताओं ने किया संबोधित : इंटक के अशोक सिंह, एटक की अमरजीत कौर, एचएमएस के हरभजन सिंह, सीटू के तपन सेन, एक्टू, एआइटीयूसीसी, सेवा, टीयूसीसी तथा एलपीएफ के नेताओं ने संबोधित किया. अध्यक्षता 10 सदस्यीय अध्यक्ष मंडली ने की. झारखंड से एटक के कार्यकारी अध्यक्ष सह जेबीसीसीआइ सदस्य लखन लाल महतो, जनता मजदूर संघ के सिद्धार्थ गौतम ने इस सम्मेलन में भाग लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
