झारखंड की ग्रामीण पत्रकारिता का एक स्तंभ ढहा, लंबी बीमारी के बाद वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर राम का निधन

Nageshwar Ram Death: झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर राम (70) का लंबी बीमारी के बाद रांची में निधन हो गया. 1990 के दशक से प्रभात खबर से जुड़े नागेश्वर जी ने नक्सल प्रभावित झुमरा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था.

Nageshwar Ram Death, रांची : झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर 70 (वर्ष) का निधन हो गया. वे बोकारो के बेरमो अनुमंडल में स्थित गोमिया के निवासी थे. जानकारी के मुताबिक वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. रांची स्थित अपने आवास पर सुबह करीब 11:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. उनका अंतिम संस्कार गोमिया में किया जायेगा.

4-5 माह पूर्व हुआ था ब्रेन स्ट्रोक

अब तक जो सूचना मिली है उसके मुताबिक करीब चार-पांच महीने पहले उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां उनकी ब्रेन सर्जरी भी की गयी थी. इलाज के बाद उन्हें घर लाया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका और अंततः लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया.

Also Read: ऐतिहासिक ग्राम खुखरागढ़ में गूंजेंगे मां के जयकारे, श्रीमद्देवीभागवत महापुराण का भव्य शुभारंभ

1990 के दशक से प्रभात खबर के लिए लिखते रहे

मूल रूप से गोमिया के खुदगढ़ा गांव निवासी नागेश्वर राम के पिता स्व. कन्हाई राम रेलवे में कार्यरत थे और एक पुराने कांग्रेसी नेता के रूप में जाने जाते थे. नागेश्वर 1990 के दशक में झारखंड के नंबर वन अखबार प्रभात खबर के लिए लिखते रहते थे. ग्रामीण पत्रकारिता में उनकी अलग पहचान थी. इसके अलावा नक्सल प्रभावित झुमरा क्षेत्र की कई समस्याओं को उन्होंने प्रमुखता से उठाया था. उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया और कई विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने में योगदान दिया. पत्रकारिता के प्रति उनका समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी सक्रियता आसपास के कई इलाकों में मिसाल मानी जाती थी.

कई बार किया जा चुका है सम्मानित

सामाजिक सरोकार पत्रकारिता के प्रति समर्पण के लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है. उनके निधन पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह, पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक बबीता देवी, डॉ लंबोदर महतो, जयप्रकाश भाई पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज सहित कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. इधर, बेरमो से लेकर बोकारो तक के पत्रकारों ने उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.

Also Read: नीरज कुमार बने रांची के डिप्टी मेयर, महापौर रोशनी खलखो ने लिया शपथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >