बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला मंगलवार को सामने आया है. दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग की माता की शिकायत पर सेक्टर 12 थाना में मामला दर्ज कराया गया. सिटी डीएसपी राजीव रंजन के निर्देश पर सेक्टर-12 इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह की छापेमारी अभियान चलते हुए महज तीन घंटे में दो नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया.
कोर्ट में पेश किए गए दोनों नाबालिग
पूछताछ के बाद दोनों नाबालिगों को न्यायालय में दंडाधिकारी के सामने पेश किया गया. घटना का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ित नाबालिग और उसकी सहेली मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने के इरादे से घर छोड़कर मंगलवार को निकल गईं. परेशान घरवाले खोज कर दोनों नाबालिग को घर लाये. इसके बाद दोनों ने घटना की पूरी जानकारी घरवालों को दी.
घर से दुकान जाने के लिए निकली थीं दो नाबालिग
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के जयपाल नगर की रहने वाली दो नाबालिग किशोरी शनिवार को घर से दुकान जाने के लिए निकली थीं. इसी दौरान दो नाबालिग किशोर उनके पास पहुंचे. उन्हें दुकान तक छोड़ने की बात कहकर एक ऑटो में बैठा लिया. दोनों किशोरियां झांसे में आकर ऑटो में बैठ गईं. कुछ दूर जाने के बाद जब ऑटो उनके गंतव्य स्थान से आगे बढ़ने लगा, तो दोनों किशोरियों ने इसका विरोध किया.
घर छोड़ने के बहाने ऑटो पर बिठाया
आरोप है कि दोनों किशोरों ने मेडिकल दुकान जाने का बहाना बनाते हुए कहा कि लौटने के दौरान उन्हें घर के पास छोड़ दिया जाएगा. इस पर दोनों किशोरियां उनके झांसे में आ गईं. इसके बाद दोनों को एक सुनसान स्थान पर ले जाकर एक नाबालिग किशोरी के साथ एक नाबालिग किशोर ने दुष्कर्म किया. वहीं, मौके पर मौजूद दूसरे किशोर ने घटना का वीडियो बनाया. किशोरी घटना की जानकारी सामाजिक लोक लाज के कारण परिजनों को नहीं दी.
वारदात के बाद ब्लैकमेलिंग शुरू
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों किशोरों ने दोनों किशोरी को ब्लैकमेल करना शुरू किया. ब्लैकमेलिंग से तंग आकर मंगलवार को दोनों नाबालिग आत्महत्या करने के इरादे से घर से निकल गई. इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ. इसके बाद परिजनों दोनों किशोरियों को लेकर थाना गए और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
इसे भी पढ़ें: हंटरगंज में कास्ट और रेजिडेंशियल सर्टिफिकेट बनवाने में छूट रहे पसीने, साल भर में भी नहीं होता काम
क्या कहते हैं सिटी डीएसपी
इस मामले पर बोकारो के सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने कहा कि दोनों आरोपी नाबालिग किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है. न्यायालय में किशोरियों का बयान कलमबद्ध कराया जाएगा. इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में रिटायर्ड बीसीसीएल कर्मचारी के पीएफ से 35.5 लाख की ठगी, अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठा परिवार
