Bokaro News : फिटनेस और स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा ‘साइक्लोथॉन’

Bokaro News : बीएसएल. 29 को होगा आयोजन, 650 से अधिक लोगों ने कराया है रजिस्ट्रेशन

Bokaro News : वरीय संवाददाता, बोकारो. बोकारो स्टील प्लांट(बीएसएल) का ‘साइक्लोथॉन’ फिटनेस और स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा. देशव्यापी फिट इंडिया मूवमेंट के अनुरूप बोकारो स्टील प्लांट 29 मार्च 2026 को ‘बोकारो साइक्लोथॉन-2026’ का आयोजन करने जा रहा है. इसके लिए 650 से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. उद्देश्य फिटनेस, एक्टिव मोबिलिटी और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना है. साइक्लोथॉन लोगों को साइकिलिंग को स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगा.

चेस्ट/बिब नंबर व टी-शर्ट का वितरण नगर सेवा भवन में आज से :

चेस्ट/बिब नंबर व टी-शर्ट का वितरण नगर सेवा भवन, बोकारो में 27 मार्च से रसीद व वैध आयु प्रमाण प्रस्तुत करने पर किया जायेगा. 14 किलोमीटर की प्रतियोगिता प्रातः 6:30 बजे सेक्टर-4 स्थित आर्चरी ट्रेनिंग सेंटर के निकट से शुरू होगी. प्रतिभागियों को निर्धारित मार्ग पर दो राउंड पूरे करने होंगे, जिसमें पथरकट्टा चौक, राम मंदिर, राजेंद्र चौक और गांधी चौक शामिल हैं. अंत में वे पुनः प्रारंभिक स्थल पर लौटेंगे. साइक्लोथॉन में केवल मैनुअल पैडल साइकिलों को ही अनुमति होगी.

प्रत्येक श्रेणी में विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार :

प्रतियोगिता पुरुष व महिला वर्गों में चार आयु श्रेणियों 14 वर्ष तक, 14 से 30 वर्ष, 30 से 50 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक में आयोजित होगी. प्रत्येक श्रेणी में विजेताओं को नकद पुरस्कार मिलेंगे. प्रथम पुरस्कार ₹5,000, द्वितीय ₹3,500 और तृतीय ₹2,000 निर्धारित हैं. सुरक्षा की दृष्टिकोण से हेलमेट पहनने की सलाह दी गयी है. आयोजन के दिन न तो पंजीकरण होगा और न ही किट का वितरण. बिना वैध बिब नंबर के किसी को भी भाग लेने की अनुमति नहीं होगी. निर्धारित समय सीमा के भीतर दौड़ पूरी करने वाले को मेडल मिलेगा.

कोट

साइक्लोथॉन केवल एक प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं, बल्कि एक स्वस्थ बोकारो के निर्माण, कार्बन फुटप्रिंट में कमी लाने और सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. शहरवासियों व साइकिलिंग प्रेमियों से अपील है कि वे इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लें और फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण व सामूहिक कल्याण की भावना को आगे बढ़ाएं. ‘साइक्लोथॉन’ सामुदायिक भागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली की संस्कृति को प्रोत्साहित करेगा.

– प्रिय रंजन-डीआइ, बीएसएल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >