बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग और अपहरण के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मिथिलेश पांडेय उर्फ किशोर पांडेय को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी. एसपी नाथू सिंह मीना के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो सकी.
20 मई को हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार 20 मई 2026 को टांड बालीडीह स्थित गायत्री नगर में नित्यानंद मेडिकल स्टोर के समीप तीन अपराधियों ने अमित कुमार पांडेय पर हमला कर दिया था. अपराधियों ने उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया था. घटना के दौरान आरोपियों ने अवैध देशी पिस्तौल से हवाई फायरिंग भी की थी. इसके साथ ही अमित कुमार पांडेय के अपहरण का प्रयास किया गया था. अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की थी.
एसपी के निर्देश पर बना विशेष छापेमारी दल
मामले को लेकर बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था. इसके बाद जरीडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सफलता मिली और मुख्य आरोपी मिथिलेश पांडेय उर्फ किशोर पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जरीडीह थाना क्षेत्र के गायत्री नगर का रहने वाला है. उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है.
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस जांच में सामने आया है कि मिथिलेश पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ जरीडीह, पेटरवार और बालीडीह थाना क्षेत्रों में पहले से कई मामले दर्ज हैं. इन मामलों में मारपीट, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े केस शामिल हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है.
इसे भी पढ़ें: रंका सीएचसी को अनुमंडलीय अस्पताल बनाने की मांग तेज, स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन
छापेमारी दल की भूमिका रही अहम
इस कार्रवाई में जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चंद्र महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई. छापेमारी दल में दशरथ कुमार दास, जितेंद्र कुमार यादव, आनंद ठाकुर और रामेश्वर महतो शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: बैंक नहीं पहुंचे तो खुला राज, गोमिया में बैंक कर्मी की कमरे में मिली लाश
