महुआटांड़ में 38 हाथियों का तांडव, धान-मक्का की फसलें रौंदी; गरीब परिवार का घर भी क्षतिग्रस्त

बोकारो के महुआटांड़ में 38 हाथियों के झुंड ने गांवों में उत्पात मचाया. हाथियों ने खेतों में लगी फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया और एक गरीब परिवार का घर भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे वे खाने-पीने की समस्या से जूझ रहे हैं. प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई है.

बोकारो. महुआटांड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात 38 हाथियों के झुंड ने कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने खेतों में लगी धान, मक्का, अरहर और सब्जियों की फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाया. दरहाबेड़ा गांव में पूरण मांझी के पुराने मकान को भी हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, घर में रखा अनाज भी हाथी खा गये. घटना के बाद प्रभावित परिवारों और किसानों के बीच दहशत का माहौल है.

पुराने मकान के क्षतिग्रस्त होने से परिवार की परेशानी बढ़ी

ग्रामीणों के अनुसार, पूरण मांझी आर्थिक रूप से कमजोर हैं और एक कमरे के पुराने मकान में परिवार के साथ रहते हैं. हाथियों के हमले में मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने रहने और भोजन की समस्या उत्पन्न हो गयी है. ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने तथा मकान और अनाज के नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है.

छह हाथियों का झुंड 32 हाथियों में हुआ शामिल

जानकारी के अनुसार, दरहाबेड़ा (कंडेर) में रात के समय छह हाथियों का झुंड सक्रिय था. बाद में यह झुंड तिरला में मौजूद 32 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया. इसके बाद तिरला (बारीडारी) क्षेत्र में हाथियों ने कई ग्रामीणों की बारी और खेतों में लगी धान व सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचाया. समरमरवा (तिरला) में धनेश्वर महतो के मुर्गी फार्म का एस्बेस्टस भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी ग्रामीणों ने दी है.

कई किसानों की फसल और चहारदीवारी प्रभावित

ग्रामीणों के मुताबिक, तिरला में सुरेश महतो, गेंदा लाल महतो, रमेश कुमार महतो, पोखलाल महतो, महेश प्रसाद और गंगाराम महतो समेत कई किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचा है. सुनील महतो की धान और मक्का, जगेश्वर महतो की मक्का व धान तथा अजय महतो की मक्का और अरहर की फसल भी प्रभावित हुई है. ग्रामीणों ने कई घरों और चहारदीवारियों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी दी है.

वन विभाग ने सतर्क रहने की अपील की

वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के झुंड के पास नहीं जाने, उन्हें छेड़ने या घेरने का प्रयास नहीं करने और सतर्क रहने की अपील की है. विभाग की टीम ने हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने का प्रयास किया. इसके बाद करीब 22 हाथियों के रामगढ़ जिले की सीमा में चले जाने की जानकारी है, जबकि शेष हाथियों के तिरला टुंगरी क्षेत्र में मौजूद होने की बात कही जा रही है.

ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, नुकसान का शीघ्र आकलन कराने और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही हाथियों के बार-बार आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने से उत्पन्न समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग भी उठायी है.

ये भी पढ़ें: बोकारो थर्मल में दर्दनाक हादसा, कोयला लदे ट्रैक्टर की चपेट में आकर 21 वर्षीय युवक की मौत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rakesh verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >