कसमार में सियार के हमले के बाद दो ग्रामीणों की मौत, छह गांवों में दहशत; घायलों की दोबारा जांच की मांग

कसमार में सियार के हमले में घायल दो ग्रामीणों की इलाज के दौरान मौत हो गई है. इससे इलाके में दहशत का माहौल है और अन्य घायलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोग दोबारा जांच की मांग कर रहे हैं.

कसमार. सियार के हमले में घायल हुए दो ग्रामीणों की इलाज के दौरान मौत के बाद कसमार के छह गांवों में दहशत का माहौल है. 12 अगस्त को सियार के हमले में घायल टांगटोना पंचायत के तेलियाडीह निवासी 75 वर्षीय राधा महतो की गुरुवार को मौत हो गयी.

इससे पहले तीन सितंबर को दुर्गापुर पंचायत के ललमटिया निवासी 33 वर्षीय बुधनी देवी की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है. एक ही घटना में घायल दो लोगों की मौत के बाद अन्य घायलों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है.

इलाज के बाद सामान्य थे, अचानक बिगड़ी हालत

राधा महतो के भतीजे फूलचंद महतो के अनुसार, 12 अगस्त को खेत में काम करने के दौरान सियार ने उनके चाचा पर हमला किया था. इसके बाद उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार और सदर अस्पताल बोकारो में कराया गया था. उन्हें वैक्सीन भी दी गयी थी. इलाज के बाद वह सामान्य रूप से घर पर रह रहे थे.

ये भी पढ़ें: बोकारो : सेक्टर-08 ए सरना स्थल में करम पूजा की तैयारी को लेकर बैठक, 22 सितंबर को धूमधाम से मनेगा पर्व

गुरुवार की सुबह अचानक उनकी गतिविधियां असामान्य हो गयीं. वह सामान्य रूप से बोलने के बजाय सियार जैसी आवाज निकालने लगे. हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी कसमार ले गये. वहां से चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स रांची रेफर कर दिया. हालांकि, रिम्स में इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गयी. राधा महतो की एक ही पुत्री है.

सियार ने छह गांवों में 12 लोगों को किया था घायल

12 अगस्त को सियार ने नावाडीह, बगदा, टांगटोना, पुरनी बगियारी, रघुनाथपुर और लालमटिया में हमला कर 12 ग्रामीणों को घायल कर दिया था. घायलों में रूही कुमारी (4.5 वर्ष), राहुल महतो (32), राहुल कुमार (25), सागर कुमार स्वर्णकार उर्फ गौतम (47), राधा महतो (75), लालमणि देवी (30), पार्वती देवी (30), राकेश कुमार महतो (10), जुली कुमारी (17), अनूप कुमार महतो (30), झालु देवी (65) और बुधनी देवी (33) शामिल थे.

इनमें राधा महतो और बुधनी देवी की मौत हो चुकी है. दोनों की मौत के बाद घटना में घायल अन्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य को लेकर भी स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी है.

घायलों की दोबारा चिकित्सकीय जांच की मांग

दो ग्रामीणों की मौत के बाद सियार के हमले में घायल सभी लोगों की दोबारा चिकित्सकीय जांच कराने की मांग उठ रही है. केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा सह प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विष्णु चरण महतो और मुखिया सुमित्रा देवी ने सभी घायलों को रांची ले जाकर दोबारा चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें: चंद्रपुरा में घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर

उन्होंने कहा कि हमले के बाद घायलों को उचित वैक्सीन और उपचार मिला था या नहीं, इसकी चिकित्सकीय स्तर पर समीक्षा की जानी चाहिए. दो मौतों के बाद अन्य घायलों के स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्कता जरूरी है. इस संबंध में कसमार थाना में लिखित शिकायत देने की तैयारी भी चल रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक सवाल

मैं दीपक सवाल, 1994 से प्रभात खबर से जुड़ा हूं। वर्ष 2011 से 2015 तक बोकारो कार्यालय में स्टॉफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रह चुका हूं। 2015 से कसमार डेटलाइन से कार्यरत हूं। मेरा संपर्क नंबर : 9431145607

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >