बोकारो. हिंदी सिर्फ संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार, साहित्य और भावनाओं की पहचान है. बदलते समय के साथ हिंदी का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है. कभी घर-आंगन, स्कूल और किताबों तक सीमित रहने वाली हिंदी आज इंटरनेट, सोशल मीडिया, एआई और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही है. वहीं अंग्रेजी के बढ़ते प्रभाव के बीच हिंदी के सहज और शुद्ध प्रयोग को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.
14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर प्रभात खबर ने बोकारो-चास के स्कूलों के हिंदी शिक्षक-शिक्षिकाओं से ‘हिंदी की दशा और दिशा’ विषय पर बातचीत की. शिक्षकों ने माना कि हिंदी के सामने चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन डिजिटल दौर ने इसके विस्तार के नये रास्ते भी खोले हैं.
सशक्त हिंदी से ही सशक्त राष्ट्र निर्माण संभव : डॉ. सरिता गंगवार
दिल्ली पब्लिक स्कूल, बोकारो की हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सरिता गंगवार के अनुसार हिंदी सिर्फ भाषा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, संस्कार और परंपराओं को समेटे हुए एक व्यापक संसार है. उन्होंने कहा कि हिंदी ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक देश को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है.
उनके अनुसार आधुनिकता और पाश्चात्य प्रभाव के कारण हिंदी के सामने चुनौतियां जरूर आयी हैं, लेकिन नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा और भारतीय भाषाओं को महत्व मिलने से उम्मीद बढ़ी है. उनका मानना है कि जब विद्यार्थी अपनी भाषा और जड़ों से जुड़ेंगे, तो हिंदी और समृद्ध होगी.
ये भी पढ़ें: बेटी के लिए नाम चुनने की बारी आई तो बढ़ गई टेंशन? 'ज' अक्षर से शुरू होने वाले ये नाम कर देंगे आपका काम आसान
आज हिंदी एआई की भाषा बन चुकी है : अभिनव बर्मन
चिन्मय विद्यालय, बोकारो के हिंदी शिक्षक अभिनव बर्मन ने कहा कि पिछले एक दशक में डिजिटलीकरण ने हिंदी के स्वरूप में बड़ा बदलाव किया है. हिंदी कीबोर्ड से लेकर पॉडकास्ट, वीडियो, गेम्स और वेब सीरीज तक हिंदी के इस्तेमाल का दायरा बढ़ा है.
उन्होंने कहा कि आज कई एआई मॉडल हिंदी में काम कर रहे हैं. सरकारी सूचनाओं से लेकर अदालत और बाजार तक हिंदी का व्यापक इस्तेमाल होता है. हालांकि डिजिटल और मौखिक माध्यमों के विस्तार के बीच हिंदी के शुद्ध लिखित स्वरूप को बचाये रखना भी जरूरी है. उनके अनुसार हिंदी ने हमेशा दूसरी भाषाओं के शब्दों को सहजता से अपनाया है और यही उसकी ताकत है.
संस्कार और आधुनिकता के दोराहे पर खड़ी है हिंदी : आशा तिवारी
डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 की हिंदी विभागाध्यक्ष आशा तिवारी ने कहा कि हिंदी के वर्तमान स्वरूप में सांस्कृतिक चेतना और आधुनिकता का संगम दिखाई देता है. साहित्य, पत्रकारिता और डिजिटल माध्यमों में हिंदी लगातार अपनी जगह बना रही है.
उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में लोरियों, लोककथाओं और त्योहारों के माध्यम से मातृभाषा नई पीढ़ी तक पहुंचती रही है. लेकिन अंग्रेजी को आधुनिकता का पर्याय और हिंदी बोलने वालों को पिछड़ा समझने की मानसिकता चिंता का विषय है. उनके अनुसार रोजमर्रा के जीवन में भी अंग्रेजी के बढ़ते प्रभाव के कारण हिंदी की आत्मीयता और मिठास कहीं-कहीं कम होती जा रही है.
हिंदी की स्थिति चिंताजनक नहीं, बल्कि परिवर्तनशील : आरती शर्मा
डीपीएस चास की वरीय हिंदी शिक्षिका आरती शर्मा का मानना है कि हिंदी की स्थिति को लेकर चिंता करने के बजाय उसके बदलते स्वरूप को समझने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि हिंदी करोड़ों लोगों की भाषा है और आज बाजार, सिनेमा, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक इसका विस्तार हो चुका है.
उनके अनुसार अंग्रेजी के प्रभाव के कारण हिंदी के प्रयोग में बदलाव जरूर आया है, लेकिन इससे हिंदी खत्म नहीं हो रही. इंटरनेट, रील्स के कैप्शन और डिजिटल पोस्ट हिंदी को नया रूप दे रहे हैं. भाषा समय के साथ बदलती है और हिंदी भी इसी बदलाव के दौर से गुजर रही है.
संस्कृति, संस्कार और भावनाओं की पहचान है हिंदी : तन्नु श्रीवास्तव
श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल की वरीय हिंदी शिक्षिका तन्नु श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और भावनाओं की पहचान है. तकनीक, शिक्षा, साहित्य और सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदी नई पीढ़ी तक पहुंच रही है.
उन्होंने कहा कि हिंदी को केवल बोलचाल की भाषा तक सीमित रखने के बजाय ज्ञान, विज्ञान और आधुनिक तकनीक की भाषा के रूप में भी विकसित करना होगा. हिंदी दिवस पर नई पीढ़ी को भाषा के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने की जरूरत है.
डिजिटल दौर ने हिंदी को दिया नया मंच
शिक्षकों के विचारों से यह स्पष्ट है कि हिंदी के सामने चुनौतियां हैं, लेकिन संभावनाएं भी उतनी ही व्यापक हैं. एक ओर अंग्रेजी का प्रभाव हिंदी के पारंपरिक प्रयोग को प्रभावित कर रहा है, तो दूसरी ओर इंटरनेट, सोशल मीडिया और एआई जैसे माध्यम हिंदी के विस्तार के नये रास्ते खोल रहे हैं.
ये भी पढ़ें: कसमार में चोरों ने बिजली विभाग को लगाया बड़ा चूना, 15 खंभों से तार चोरी; इलाके में बिजली ठप
जरूरत हिंदी को केवल अतीत की विरासत मानकर बचाने की नहीं, बल्कि उसे आधुनिक ज्ञान, तकनीक और रोजगार की भाषा के रूप में लगातार आगे बढ़ाने की है. हिंदी का भविष्य तभी मजबूत होगा, जब नई पीढ़ी उसे अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप भी अपनायेगी.
