बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर बोकारो में भी देखने को मिला. सोमवार देर शाम से शुरू हुई बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा. कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश ने बोकारो को तर-बतर कर दिया. लगातार हो रही बारिश के कारण जन जीवन पर ब्रेक लगा गया है. बारिश के कारण गरगा समेत तमाम नदियों के जलस्तर में इजाफा देखा गया.
जलमग्न हुआ बोकारो का हार्ट
बोकारो के हृदय स्थली कहे जाने वाले सिटी सेंटर में बारिश का असर देखने को मिला. सिटी सेंटर, सेक्टर 04 के पार्किंग क्षेत्र में पानी जम गया. इस कारण अस्थायी दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि, बारिश की रफ्तार कम होने के साथ जल जमाव भी कम हुआ. लेकिन, दुकानदारी पुरी तरह से प्रभावित रहा.
तालाब बना सेक्टर 12 मोड़ व सीजेड गेट
लगातार हो रही बारिश के कारण बोकारो समेत आसपास के क्षेत्र में जल जमाव देखने को मिला. लेकिन, सेक्टर 12 मोड़ व सीजेड गेट के पास की स्थिति बदतर रही. सेक्टर 12 मोड़ का नजारा भी तलाब जैसा दिखा. वहीं सीजेड गेट से आवागमन प्रभावित हुआ. यहां अंडर पास में 3 फिट पानी जम गया है.
कॉजवे के ऊपर से बहा गरगा का पानी
लगातार हो रही बारिश के कारण गरगा समेत तमाम नदियों का जलस्तर बढ़ गया. गरगा नदी पर बोकारो को भर्रा से जोड़ने वाली कॉजवे के ऊपर से नदी का पानी बहा. इससे आवागमन रूक गया. इसी तरह सिंगारी जोरिया का जलस्तर भी आम दिनों के मुकाबले उफान पर दिखा.
चास में भी हुआ जलजमाव
बारिश का साइड इफेक्ट चास नगर निगम क्षेत्र में भी देखने को मिला. चास ननि क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी, रामनगर कॉलोनी, एसएस कॉलोनी, कृष्णापुरी कॉलोनी समेत विभिन्न वार्ड क्षेत्र में जलजमाव होने से पैदल चलना तक दुभर हो गया.
सड़क शांत व बाजार में सन्नाटा
बारिश के कारण कामकाज भी प्रभावित हुआ. दिहाड़ी मजदूर विवशता में घर से बाहर नहीं निकल पाये. इसी तरह सिटी सेंटर समेत सभी बाजार केंद्र में दुकान तो खुला, लेकिन दुकानदार ग्राहक का इंतजार ही करते रहे. तमाम बाजार में बारिश की रिमझिम ध्वनि के बीच एक तरह का सन्नाटा पसरा रहा. सड़क भी शांत नजर आये. इक्का-दुक्का वाहन ही गंतव्य यात्रा करते दिखे.
अबतक सामान्य से 31% कम हुई है बारिश
इस मानसून अबतक 31% कम बारिश हुई है. मानसून सीजन में अबतक जिला में 557.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. लेकिन, इस साल 382.8 मिमी बारिश ही दर्ज किया गया है. इतना ही नहीं सावन भी अबतक सामान्य से कम बारिश वाला रहा है. इस साल सावन में अबतक 25% कम बारिश रिकॉर्ड किया गया. अबतक जिला में 157.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अबतक मात्र 118.3 मिमी बारिश ही हुई है.
आज से 4 दिन तक येलो अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण बोकारो में अगले 04 दिन तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. 19 अगस्त से 22 अगस्त तक के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान मध्यम से तेज बारिश का अनुमान लगाया गया है. अचानक से हवा की गति में भी बदलाव हो सकता है, हवा के साथ बारिश की रफ्तार भी तेज होगी.
