पेटरवार. पेटरवार में मंगलवार देर शाम हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए. इनमें दो युवकों की स्थिति गंभीर बतायी गयी है. सभी घायलों का इलाज पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रिंकू कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया.
मिक्सचर मशीन की चपेट में आये दो बाइक सवार
पेटरवार-तेनु पथ पर ओरदाना स्थित खुटा बाबा मंदिर के पास मिक्सचर मशीन वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए. घायल युवकों की पहचान ओरदाना पंचायत के जेबरा गांव निवासी राहुल कुमार महतो (25) और अमित कुमार महतो (28) के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि दोनों युवक चिनिया गढ़ा से मुर्गा खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान हादसा हो गया. दोनों को गंभीर चोटें आयी हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया.
सड़क के गड्ढे में पहिया पड़ने से महिला घायल
दूसरी घटना एनएच-23 के पेटरवार-बोकारो पथ पर कसमार थाना क्षेत्र के दांतू बाजारटांड़ के पास हुई. सड़क पर बने गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ने से बाइक अनियंत्रित हो गयी. बाइक पर पीछे बैठी रुखसाना प्रवीण (45) सड़क पर गिरकर घायल हो गयीं.
रुखसाना अपने पति के साथ बाइक से पेटरवार के छप्परगढ़ा स्थित घर लौट रही थीं. घटना शाम करीब सात बजे की बतायी गयी है.
पेट्रोल पंप के पास गड्ढे में गिरकर युवती घायल
तीसरी घटना पेटरवार ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप के पास एनएच-23 पर हुई. यहां सड़क के गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ने से बाइक अनियंत्रित हो गयी और पीछे बैठी पुष्पा कुमारी (20) सड़क पर गिरकर घायल हो गयीं.
ये भी पढ़ें: दो सदस्यीय कमेटी पहुंची कस्तूरबा विद्यालय, छात्रा के बाउंड्री फांदने के मामले की जांच शुरु
बताया जाता है कि पुष्पा बाइक से अपने घर बुंडू पंचायत के पुरनापानी लौट रही थीं. हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
एनएच-23 पर जगह-जगह गड्ढे, बारिश में बढ़ रहा खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण एनएच-23 पर बने कई गड्ढों में पानी भर गया है. इससे दूर से सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण बाइक सवार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है. लोगों ने सड़क के गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके.
