राजस्व संग्रह बढ़ाने व मामलों के त्वरित निष्पादन पर दें विशेष ध्यान : प्रमंडलीय आयुक्त

प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने बोकारो में राजस्व संग्रह बढ़ाने और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

बोकारो. उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता सोमवार को बोकारो पहुंचे. समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रह, डीएमएफटी की योजनाओं व एसआइआर अभियान की प्रगति संबंध में समीक्षा बैठक की. परिवहन विभाग से पिछले तीन माह में की गयी कार्रवाई व राजस्व संग्रह की जानकारी ली.

खनन विभाग की ओर से अवैध खनन के विरुद्ध की गयी कार्रवाई व राजस्व प्राप्ति की भी समीक्षा की. बालू उठाव के संबंध में एनजीटी के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. अंचल अधिकारी को नियमित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने व जिला अवर निबंधक को गैर-मजरुआ भूमि का निबंधन नहीं होने देने का निर्देश दिया.

प्रमंडलीय आयुक्त ने डीटीओ को विशेष अभियान चला कर एक माह से अधिक समय से जिला में संचालित बाहरी राज्य के पंजीकृत वाहनों का स्थानीय निबंधन सुनिश्चित करते हुए राजस्व बढ़ाने को कहा. नगर निगम चास, माप-तौल विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को भी विशेष अभियान चलाकर राजस्व संग्रह बढ़ाने का निर्देश दिया.

लंबित राजस्व मामलों के शीघ्र निष्पादन पर दिया जोर

प्रमंडलीय आयुक्त ने दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को नियमित रूप से अंचल अधिकारी के कार्यों की समीक्षा करने व लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कहा कि किसी आवेदक को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाये. सभी अधिकारी राजस्व नियमावली का अध्ययन कर दाखिल-खारिज, परिशोधन व अन्य लंबित मामला का समयबद्ध निष्पादन करें. परिशोधन पोर्टल पर लंबित मामलों में आवश्यक अभ्युक्ति दर्ज करें. जिन मामलों का निष्पादन संभव है, उनका तत्काल निस्तारण करें. उन्होने भू-अर्जन व उच्च न्यायालय में लंबित मामलों में समय पर शपथ-पत्र दाखिल करने में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया.

एसआइआर अभियान में और तेजी लाने के निर्देश

एसआइआर अभियान की समीक्षा के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला के अब तक के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया. उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि जिला में अब तक 91.59 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण व 65.37 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है. तीन से चार दिनों में डिजिटाइजेशन कार्य में और तेजी आयेगी. प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि अभियान की समय सीमा समाप्त होने में अब केवल एक सप्ताह शेष है. सभी अधिकारी व कर्मी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करें. सत्यापन कार्य में भी तेजी लायें.

डीएमएफटी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने बताया कि डीएमएफटी के तहत कुल 1201 परियोजनाएं स्वीकृत की गयी थी. इनमें से 108 परियोजनाओं को ड्रॉप किया गया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 31 नयी योजनाएं स्वीकृत की गयी है. इनमें 19 पर कार्य प्रगति पर है. आठ योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि चार योजनाओं पर कार्य शुरू होना शेष है.

अधिकारियों को दिये कई प्रशासनिक निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों को आधिकारिक लॉगिन के सावधानीपूर्वक उपयोग, बायोमीट्रिक उपस्थिति, मुख्यालय में नियमित उपस्थिति, राजस्व व भूमि अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव व आम नागरिक के फोन कॉल का यथासंभव उत्तर देने का निर्देश दिया. सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त सभी आवेदन व अपील का निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें. संबंधित सूचनाएं अधिनियम के प्रावधान के अनुरूप समय पर उपलब्ध करायी जाये. प्रमंडलीय आयुक्त ने ऐतिहासिक धरोहरों व प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, राज्य सरकार के नवीनतम दिशा-निर्देश के अध्ययन व जनप्रतिनिधियों समेत आम नागरिकों के साथ शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा. मौके पर डीटीओ नीतीश कुमार, एसी सुनील चंद्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, प्रशिक्षु आइएएस अरविंद राधाकृष्णन समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: C p singh

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >