झारखंड के पूर्व मंत्री लालचंद महतो पंचतत्व में विलीन, रांची में हुआ था निधन, बेरमो में हुआ अंतिम संस्कार

झारखंड के पूर्व ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो पंचतत्व में विलीन हो गए. शुक्रवार को बेरमो में दामोदर नद के तट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया.

झारखंड के प्रथम ऊर्जा मंत्री रहे लालचंद महतो शुक्रवार (5 अप्रैल) को पंचतत्व में विलीन हो गये. बेरमो के रामबिलास उच्च विद्यालय के निकट दामोदर नद के तट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. मुखाग्नि स्व महतो के अनुज चेतलाल महतो के पुत्र सुप्रितम महतो उर्फ सोनू ने दी.

लालचंद महतो के अंतिम संस्कार में पहुंचे हजारों लोग

मौके पर झारखंड के कई नेताओं के अलावा हजारों लोग मौजूद थे. अंतिम संस्कार के मौके पर सांसद खिरू महतो, पाकी के पूर्व विधायक सुधा चौधरी, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, गौतम सागर राणा, गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो, मांडू विधायक जयप्रकाश भाई पटेल, पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, मंत्री बेबी महतो के पुत्र राजू महतो सहित कई लोग मौजूद रहे.

रात के 11:30 बजे हुआ लालचंद महतो का निधन

मालूम हो कि लालचंद महतो का निधन गुरुवार की रात लगभग 11:30 बजे रांची के लालपुर स्थित उनके आवास में हो गया था. उनके भाई हिंद मजदूर किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव इंद्रदेव महतो ने बताया कि वह बाथरूम में गिर गये थे. तत्काल उन्हें बगल के अस्पताल में ले गये. यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मंत्री बेबी देवी पहुंचीं लालचंद महतो के आवास

शुक्रवार को झारखंड सरकार की मंत्री बेबी देवी सहित कई नेता उनके रांची स्थित आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया. बेबी देवी ने कहा कि एक अभिभावक को खो दिया है. शुक्रवार काे दिन 9:30 बजे उनके शव की अंतिम यात्रा रांची से निकली और रामगढ़, गोला, पेटरवार, बहादुरपुर, जैनामोड़, पिछरी, फुसरो, नावाडीह होते हुए डुमरी पहुंची.

Also Read : PHOTOS: झारखंड के पूर्व मंत्री लालचंद महतो की अर्थी उठते ही सबकी आंखें हुईं नम

अंतिम दर्शन के बाद पैतृक आवास से देर शाम निकली अंतिम यात्रा

यहां उनके शव को कुछ देर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया. इसके बाद शव को बैदकारो स्थित पैतृक आवास लाया गया. देर शाम अंतिम संस्कार रामविलास उच्च विद्यालय के समीप दामोदर नदी के तट पर किया गया.

Also Read : झारखंडः प्रदेश के पहले ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो का रांची में निधन, शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंची मंत्री बेबी देवी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >