छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर फिंगरप्रिंट लिया, बिना जानकारी खोले बैंक खाते; 12 से अधिक विद्यार्थियों से साइबर ठगी

गांधीनगर में कंप्यूटर संस्थान के संचालक ने छात्रवृत्ति का झांसा देकर छात्रों के फिंगरप्रिंट लिए और बैंक खाते से हजारों रुपये निकाल लिए. पुलिस जांच में जुटी.

बेरमो. गांधीनगर थाना क्षेत्र की जरीडीह बस्ती स्थित मंगल कल्याण फाउंडेशन नामक कंप्यूटर संस्थान में प्रशिक्षण लेने वाले एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है.

विद्यार्थियों का आरोप है कि छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर उनका फिंगरप्रिंट लिया गया और उनकी जानकारी के बिना इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक, बोकारो में उनके नाम से खाते खोल दिये गये. इन खातों में सरकारी योजनाओं से 20 हजार से 40 हजार रुपये तक की राशि आने के बाद उसकी निकासी किये जाने का भी आरोप है.

साइबर अपराध

विद्यार्थियों के आवेदन पर गांधीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस आरोपी अंकित कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पीड़ित विद्यार्थियों में 10वीं कक्षा से लेकर स्नातक स्तर तक के छात्र-छात्राएं शामिल हैं.

छात्रवृत्ति के नाम पर लिया गया फिंगरप्रिंट

विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने जनवरी 2025 में जरीडीह बस्ती स्थित मंगल कल्याण फाउंडेशन में कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए नामांकन कराया था. उनका नामांकन अंकित कुमार ने लिया था. कुछ दिनों बाद संस्थान की ओर से छात्राओं का फिंगरप्रिंट थंब मशीन में लिया गया.

विद्यार्थियों के अनुसार, उन्हें बताया गया था कि कंप्यूटर प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्रवृत्ति की राशि मिलेगी. उस समय उन्हें यह जानकारी नहीं दी गयी कि उनके नाम पर इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में बैंक खाते खोले जा रहे हैं.

पहले वाले खातों में राशि आनी बंद हुई, तब हुआ शक

छात्राओं के अनुसार, बाद में सरकारी योजनाओं से मिलने वाली राशि उनके पहले से संचालित बैंक खातों में आनी बंद हो गयी. शुरुआत में उन्होंने इसे तकनीकी समस्या समझा. बाद में बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उनके नाम पर इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक, बोकारो में खाते संचालित हैं और सरकारी योजनाओं की राशि उन्हीं खातों में जमा हो रही है.

ये भी पढ़ें: बोकारो में मानसिक तनाव के बढ़ते मामले ने बढ़ायी चिंता, 8 माह में 4670 मरीजों की हुई काउंसलिंग

जांच के दौरान विद्यार्थियों को पता चला कि इन खातों में जमा करीब 20 हजार से 40 हजार रुपये तक की राशि की निकासी की गयी है.

अनिता के खाते से 30 हजार रुपये निकासी का आरोप

छात्रा अनिता कुमारी ने बैंक स्टेटमेंट निकलवाने के बाद बताया कि उसके खाते से 30 हजार रुपये की निकासी हुई है. विद्यार्थियों का आरोप है कि संस्थान से जुड़े लोगों से इस संबंध में जानकारी मांगी गयी, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला.

मामला सामने आने के बाद करीब एक दर्जन विद्यार्थी बुधवार को गांधीनगर थाना पहुंचे और पुलिस को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की. विद्यार्थियों ने जरीडीह पूर्वी पंचायत की मुखिया कंचन देवी के आवासीय कार्यालय पहुंचकर भी न्याय की गुहार लगायी.

मुखिया ने बताया, दो दर्जन से अधिक विद्यार्थियों की शिकायत

छात्राओं के थाना पहुंचने की जानकारी मिलने पर यूएमएफ के प्रदेश महासचिव अफजल अनीश और भाजयुमो के बेरमो प्रखंड अध्यक्ष रॉबिन कसेरा भी थाना पहुंचे. उन्होंने विद्यार्थियों से मामले की जानकारी ली और पुलिस से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मुखिया कंचन देवी ने बताया कि उनके पास करीब दो दर्जन से अधिक विद्यार्थियों की ऐसी शिकायतें आयी हैं. इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अन्य लोगों ने भी इसी तरह की शिकायत की है. उन्होंने बताया कि एक दिव्यांग पेंशनधारी की करीब 12 हजार रुपये की राशि से जुड़ा मामला भी उनके पास आया था, जिसे संबंधित व्यक्ति को दिलाया गया.

डीसी ने दिया जांच का आदेश

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और तत्काल जांच का आदेश दिया गया है. दोषी पाये जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि छात्राओं को हर स्थिति में न्याय मिलेगा और उन्हें योजना का लाभ भी मिलेगा.

ये भी पढ़ें: चारे की खेती से पशुपालन तक, पेटरवार के किसानों ने खोजा कमाई का नया रास्ता; रोज रांची भेज रहे 2 हजार लीटर दूध

बेरमो एसडीपीओ रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्राओं के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी अंकित कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >