Gridih News : गर्मी में शहर में जलापूर्ति की व्यवस्था होगी बेहतर : मेयर

नगर निगम. मेयर प्रमिला मेहरा ने की खंडोली वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण

Gridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. गर्मी के मद्देनजर शहरी जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा काफी गंभीर है. इसी आलोक में मेयर श्रीमती प्रमिला ने मंगलवार को खंडोली वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया. मेयर ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की तमाम इकाइयों का अवलोकन किया. मोटर पंप, बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई सहित तमाम पहलू से रू-ब-रू हुई. उन्होंने पानी सप्लाई में आ रही समस्याओं को दूर करने हेतु नगर निगम के पदाधिकारियों को निर्देश दिया ताकि गर्मी में निगम क्षेत्र के लिए पानी की बेहतर सुविधा हो सके. स्टैंड बाय में पंप रखने का निर्देश : निरीक्षण के दौरान मेयर के साथ डिप्टी मेयर सुमित कुमार एवं नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक भी मौजूद थे. इस बाबत मेयर श्रीमती प्रमिला ने बताया कि गर्मी में शहरवासियों को जलापूर्ति की बेहतर व्यवस्था का समुचित लाभ मिलेगा. इसे लेकर कई दिशा-निर्देश दिये गये हैं. कहा कि निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था के सभी पहलू की जानकारी ली गयी. कहा कि खंडोली वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सहित चैताडीह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं महादेव तालाब वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में स्टैंड बाय में एक मोटर पंप रखने का आदेश दिया गया है ताकि नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारु रह सके. गर्मी में आम जनता को पानी के लिए कोई परेशानी नहीं हो, इसका बखूबी ख्याल रखा जायेगा. नगर निगम बोर्ड की बैठक से उम्मीदें : श्रीमती प्रमिला ने कहा कि आवश्यकतानुसार टैंकरों से पानी की सप्लाई करने को कहा गया है. इसके लिए सभी टैंकरों को दुरुस्त कराने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल को नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक होगी. इस दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे. जलापूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखते हुए समाधान की मांग की जायेगी. साथ ही साथ जनहित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये जायेंगे. निरीक्षण के दौरान झामुमो महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, अर्बन प्लानर मंजूर आलम, वार्ड पार्षद मो. इम्तियाज आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >