कांवड़ यात्रा के दौरान विवाद, हाथापाई में चास मुफस्सिल थाना प्रभारी घायल

चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे और भीड़ के कारण जाम लगने पर पुलिस और श्रद्धालुओं में विवाद हो गया. कहासुनी हाथापाई में बदल गई, जिसमें थाना प्रभारी प्रकाश मंडल घायल हो गए.

सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार देर रात चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कांवड़ियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हाथापाई में बदल गयी, जिसमें चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल घायल हो गये. उन्हें इलाज के लिए चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जल लेकर चीड़का धाम जा रहे थे कांवड़िये

जानकारी के अनुसार, कांवड़िये दामोदर नदी से जल भरकर चीड़का धाम में जलाभिषेक करने जा रहे थे. इस दौरान डीजे वाहन और श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास शुरू किया.

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाम हटाने को लेकर पुलिस और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गयी. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की एवं हाथापाई की स्थिति बन गयी. इसी दौरान थाना प्रभारी प्रकाश मंडल घायल हो गये. उनके सिर में चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, सावन माह में बड़ी संख्या में निकल रही कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >