बोकारो: चास मु. थाना क्षेत्र के परसाबेडा गांव के एक बंद आवास में लगभग छह माह पहले (तीन फरवरी) चर्चित चोरी की घटना हुई थी. घटना बीएसएल से सेवानिवृत्त इस्पातकर्मी उपेंद्र महतो के आवास में हुई थी. चोरों ने 35 लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात सहित कीमती सामानों की चोरी कर ली थी.
छह माह बाद भी चोरी की घटना का उद्भेदन नहीं हुआ. जब-जब श्री महतो द्वारा चोरी के खुलासे के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया जाता है. अनुसंधानकर्ता द्वारा पीडित परिवार को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया जाता है. आज तक न तो चोर पकडा गया और न ही कोई सामान बरामद हुआ है.
क्या है पूरा घटनाक्रम
तीन फरवरी की रात सेवानिवृत्त इस्पातकर्मी उपेंद्र महतो के परसाबेडा गांव स्थित बंद आवास से चोरों ने लगभग 35 लाख के सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली. आवासधारी उपेंद्र महतो व सरिता महतो मुंबई अपने बेटे के पास थे. रिश्तेदार को आवास की चाभी सौंप रखी थी.
उस दिन रिश्तेदार आवास में सोने नहीं आ पाया था. घटना की जानकारी श्री महतो को पडोसी के माध्यम से मिली. इसे बाद श्री महतो बोकारो पहुंचे. जांच-पडताल में पाया कि चोरों ने लगभग 30 लाख रूपये के सोना-चांदी के जेवरात सहित कीमती सामान की चोरी हो गयी है. आज तक चोरी गये सामान का कोई पता नहीं चला. न ही चोर को पुलिस पकड पायी है.
