चास से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Chas Municipal Election: चास नगर निगम चुनाव के लिए सोमवार सुबह सात बजे से ही मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही देखी जा रही है. लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है.
मेयर पद के लिए 31 उम्मीदवार मैदान में
चास नगर निगम में मेयर पद के लिए 31 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. मेयर उम्मीदवार गोपाल मुरारका ने मतदान करने के बाद लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर वोट देने की अपील की. उन्होंने कहा कि वे 35 वर्षों की सामाजिक सेवा के अनुभव के आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं और जनता से समर्थन की अपेक्षा रखते हैं.
136 मतदान केंद्रों पर 1.62 लाख मतदाता
नगर निगम क्षेत्र में कुल 136 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां 1,62,073 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 83,106 पुरुष, 78,950 महिला और 17 अन्य मतदाता शामिल हैं. नगर निगम के 35 वार्डों में पार्षद पद के लिए 217 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. चुनाव संचालन के लिए करीब 150 मतदान दलों की तैनाती की गई है.
वोटर लिस्ट में नाम नहीं, हंगामा
चिरा चास उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर उस समय हलचल मच गई, जब बोकारो के सेवानिवृत्त सेल टैक्स कमिश्नर अमित कुमार चौबे वोट देने पहुंचे, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में नहीं मिला. मतदान से वंचित रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिला प्रशासन से शिकायत की. प्रशासन की ओर से बताया गया कि नई मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं हो पाया है, जिस कारण वे मतदान नहीं कर सके.
इसे भी पढ़ें: छतरपुर और मेदिनीनगर में मतदान शुरू, महिला-पुरुष मतदाताओं में दिखा जोश
वार्ड 2 और 3 के मतदाता कर रहे मतदान
उक्त मतदान केंद्र पर वार्ड संख्या दो और तीन के मतदाता मतदान कर रहे हैं. यहां बूथ संख्या 355, 356, 357, 358, 359 और 361 बनाए गए हैं. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. प्रशासन की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा में मतदान शुरू, 36 अध्यक्ष और 266 पार्षद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
