बोकारो से मुकेश झा
बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लक्ष्मी मार्केट स्थित मयूर मेडिकल के सामने इलाज के लिए पहुंचे दंपती को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. पीड़ित ने सेक्टर-4 थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
इलाज के लिए आए दंपती से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग
शिकायत के अनुसार, गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग निवासी संजय कुमार सिन्हा (58 वर्ष) रविवार को अपने बेटे के इलाज के सिलसिले में सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट आए थे. सुबह करीब 11:15 बजे वह अपनी पत्नी कनक लता सिन्हा के साथ मयूर मेडिकल के सामने खड़े थे. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे पीछे बैठे बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों बीएसएल की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए.
पीड़ित ने बताया बदमाशों का हुलिया
पीड़ित ने बताया कि बदमाशों का कुछ दूर तक पीछा भी किया गया, लेकिन वे भागने में सफल रहे. शिकायत में उल्लेख है कि आरोपियों में से एक ने सफेद टोपी तथा स्काई ब्लू रंग की शर्ट पहन रखी थी, जिससे उनकी पहचान में मदद मिल सकती है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-4 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
