चास प्रखंड अंतर्गत काशीझरिया पंचायत के झारनामुड़ी गांव में रविवार को महिलाओं ने शराबबंदी अभियान चलाया. इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया. जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को शराब छोड़ने और स्वस्थ, सुखी व समृद्ध जीवन अपनाने का संदेश दिया. इस दौरान ग्रामीणों को शराब के दुष्प्रभावों से अवगत कराया व शराब पीने और बनाने वालों से इस कार्य को बंद करने की अपील की गयी. कहा कि शराब के कारण परिवारों में आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक समस्याएं बढ़ रही हैं.
दी कार्रवाई की चेतावनी
महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह अभियान पंचायत के सभी गांवों में चलाया जायेगा और लोग शराब बनाने व सेवन करने से बाज नहीं आये तो कानून का सहारा लेकर सख्त कार्रवाई कराने की पहल की जायेगी. अभियान का नेतृत्व कर रहीं पूर्व पंसस बैजंती देवी व रीना देवी ने कहा कि इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और शिक्षा की कमी के कारण नशापान की प्रवृत्ति बढ़ रही है. परिवार की सीमित आय का बड़ा हिस्सा शराब पर बरबाद हो रहा है. इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार के भरण-पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन ही बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को संकट में डाल देता है. उन्होंने ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की. अभियान में कमला देवी, सची देवी, रेखा देवी, दीपिका कुमारी, मंजू देवी, रूपा देवी, वकील कोड़ा, रमेश कोड़ा, अनुज कोड़ा, अर्जुन कोड़ा, मेघनाथ कोड़ा, उत्तम कोड़ा, सचिन कोड़ा, बारी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे.
