नावाडीह से मनोज वर्णवाल की रिपोर्ट
Bokaro Road Accident: झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा डुमरी-नावाडीह मुख्य मार्ग पर खरपीटो वन विभाग की पौधशाला के समीप हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की सीधी टक्कर हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
परिवार में मातम
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बेरमो थाना क्षेत्र के राजाबेड़ा गांव निवासी 48 वर्षीय शैरू खान और धनबाद जिले के भुली थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडरापाल गांव निवासी 21 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है. दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया.
दो युवक गंभीर रूप से घायल, बोकारो रेफर
हादसे में घायल हुए अनीश कुमार (17 वर्ष) और विष्णु कुमार (21 वर्ष) को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया गया.
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार अपने दो दोस्तों अनीश और विष्णु के साथ हीरो स्प्लेंडर बाइक (JH 10 DB 1257) पर सवार होकर कतरास से नावाडीह अपने रिश्तेदार के घर आ रहा था. इसी दौरान दूसरी ओर से शैरू खान टीवीएस बाइक (JH 09 BB 4622) से फुसरो राजाबेड़ा से गिरिडीह एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही दोनों बाइक खरपीटो पौधशाला के पास पहुंचीं, उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे चारों लोग सड़क पर गिर पड़े.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआई शमीम अंसारी, मिथिलेश सिंह और विमल कुमार सिंह ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास भेज दिया. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जताई संवेदना
हादसे की सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष इमरान अंसारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया.
इसे भी पढ़ें: त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में खूनी खेल: चैनपुर में दिनदहाड़े लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या, गांव में सनसनी
सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: ज्वैलरी शॉप में ग्राहक बनकर आए बदमाश, आंख में धूल झोंककर 22 लाख का गहना लेकर फरार
