बोकारो. सोशल मीडिया पर इन दिनों अपनी तस्वीरों को 80 के दशक के लुक या अलग-अलग रूपों में बदलने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऐप्स का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है. मनोरंजन के लिए लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे अपनी तस्वीरें विभिन्न एआई प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर रहे हैं. इसे देखते हुए बोकारो साइबर थाना ने आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
मुख्यालय डीएसपी सह साइबर थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहा कोई भी ट्रेंड सुरक्षा और गोपनीयता के लिहाज से बाद में परेशानी का कारण बन सकता है. उन्होंने लोगों से एआई ऐप पर फोटो अपलोड करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और प्राइवेसी पॉलिसी की जानकारी लेने की अपील की.
पांच बड़े साइबर खतरों से रहें सावधान
पवन कुमार ने बताया कि एआई प्लेटफॉर्म पर फोटो अपलोड करने से कई तरह के साइबर जोखिम हो सकते हैं. आपकी फोटो का इस्तेमाल चेहरे की पहचान से जुड़े डेटा के लिए किया जा सकता है. निजी तस्वीरें एआई सर्वर पर स्टोर होने या अन्य पक्षों के साथ साझा होने का जोखिम भी रहता है.
ये भी पढ़ें: बोकारो में बनेगा नया डाक डिवीजन, प्रशासनिक कामकाज और डाक सेवाओं में आएगी तेजी
उन्होंने कहा कि तस्वीरों का इस्तेमाल एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने में किया जा सकता है. साइबर अपराधी किसी व्यक्ति के चेहरे का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल या वीडियो तैयार कर सकते हैं. तस्वीरों में छेड़छाड़ कर फर्जी केवाईसी, जाली पहचान पत्र या अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी में भी उनका दुरुपयोग किया जा सकता है.
इसके अलावा निजी तस्वीरों के गलत इस्तेमाल से किसी व्यक्ति की सामाजिक छवि और प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंच सकता है.
साइबर फ्रॉड से बचने के लिए छह बातों का रखें ध्यान
साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से केवल विश्वसनीय और प्रमाणित प्लेटफॉर्म या ऐप का इस्तेमाल करने की अपील की है. किसी ऐप पर फोटो अपलोड करने से पहले उसकी प्राइवेसी पॉलिसी जरूर पढ़ें और यह समझें कि फोटो का इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है.
- पहचान पत्र, परिवार या लोकेशन से जुड़ी निजी तस्वीरें एआई ऐप पर अपलोड करने से बचें.
- फोटो अपलोड करने से पहले ऐप की प्राइवेसी और डेटा इस्तेमाल संबंधी शर्तों को समझें.
- संभव हो तो काम पूरा होने के बाद फोटो डिलीट करने का विकल्प इस्तेमाल करें.
- अनजान या संदिग्ध ऐप और वेबसाइट पर निजी तस्वीरें अपलोड न करें.
- ऑनलाइन कुछ भी साझा करने से पहले दो बार सोचें.
- किसी ऐप की प्रामाणिकता पर संदेह हो तो उसका इस्तेमाल न करें.
‘आपका चेहरा अनमोल है, सोच-समझकर साझा करें’
मुख्यालय डीएसपी सह साइबर थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा, “आपका चेहरा अनमोल है. इसे सोच-समझकर साझा करें. सुरक्षित रहें और रचनात्मक बनें, लेकिन सावधान भी रहें. अपनी डिजिटल पहचान पर अपना नियंत्रण खुद रखें.”
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर शिकायत या सहायता के लिए लोग बोकारो साइबर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं.
