Bokaro News : ग्रामीणों ने बालू लदे ट्रैक्टरों को रोका

Bokaro News : कसमार प्रखंड में सड़क निर्माण में खेतको व अन्य स्थानों से अवैध तरीके से बालू उठाव का लगाया आरोप.

कसमार, कसमार प्रखंड में अवैध बालू आपूर्ति का आरोप लगाकर गुरुवार को ग्रामीण सड़क पर उतर गये. दर्जनों युवाओं और ग्रामीणों ने बगियारी मोड़ के पास अवैध रूप से बालू ढो रहे ट्रैक्टरों को रोक दिया और उन्हें लौटा दिया. नेतृत्व मंजूरा निवासी समाजसेवी रूपेश कुमार महतो ने किया. ग्रामीणों का आरोप है कि एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य के लिए खेतको और अन्य स्थानों से अवैध तरीके से बालू का उठाव कर कसमार प्रखंड क्षेत्र, खासकर सड़क निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर आपूर्ति की जा रही है. इससे ना केवल सरकार को राजस्व और पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को अपने घरेलू निर्माण कार्यों के लिए भी बालू नहीं मिल पा रहा है. बताया गया कि बुधवार को भी युवाओं ने अवैध बालू ढुलाई कर रहे ट्रैक्टरों को कसमार में रोका था और चेतावनी दी थी. बावजूद इसके गुरुवार को फिर से दर्जनों ट्रैक्टर बालू की ढुलाई शुरू कर दी गयी, जिन्हें ग्रामीणों ने बगियारी मोड़ पर रोक लिया और कड़ी हिदायत देते हुए वापस भेज दिया. ग्रामीणों के अनुसार, करीब चार दर्जन ट्रैक्टरों को लौटाया गया. श्री महतो ने कहा कि यह अंतिम चेतावनी है. यदि इसके बाद भी अवैध बालू आपूर्ति नहीं रूकी, तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चोरी-छिपे बालू ढुलाई के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. विरोध-प्रदर्शन में नंदन कपरदार, नेहरू अंसारी, जानी बाबू, अशोक कुमार महतो, हेमंत कुमार महतो, जमशेद आलम समेत अन्य लोग मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >