Bokaro News : 10 अक्तूबर को ऐतिहासिक होगी हड़ताल : बीएकेएस

Bokaro News : बोनस फॉर्मूला में बदलाव सहित 32 सूत्री मांगों के समर्थन में बुलायी गयी है हड़ताल, एसएमएस 02 सीसीएस के कर्मियों ने लिया सहभागी बनने का संकल्प.

बोकारो, बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने बोनस फॉर्मूला में बदलाव सहित 32 सूत्री मांगों के समर्थन में 10 अक्तूबर को बोकारो स्टील प्लांट में हड़ताल का आह्वान किया है. हड़ताल को लेकर बीएकेएस की ओर से प्लांट के अंदर व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सोमवार को एसएमएस 02 सीसीएस विभाग के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के सामने संकल्प सभा का आयोजन किया. इसमें विभाग के कर्मियों ने हड़ताल में सहभागी बनने का संकल्प लिया. सेल-बीएसएल प्रबंधन की ओर से कर्मियों के साथ लगातार किये जा रहे भेदभाव पर सभी ने रोष जताया.

अवैध बोनस फॉर्मूला के आधार पर लगातार तीसरे साल खाते में बोनस राशि

बीएसएल कर्मियों ने संकल्प सभा में बोनस फॉर्मूला, वेज रिवीजन व एरियर भुगतान में भेदभाव की निंदा की. कहा कि सेल प्रबंधन की ओर से अवैध बोनस फॉर्मूला के आधार पर लगातार तीसरे साल कर्मियों के खाते में बोनस राशि भेज दी गयी है. इससे बीएसएल कर्मियों में काफी रोष है. कर्मियों की मांग पर हीं बीएकेएस ने हड़ताल का आह्वान किया है. इसलिये हड़ताल ऐतिहसिक होगी. कहा कि कई ऐसी मांग है, जो गैर वित्तीय है. मतलब उसको लागू करने से प्रबंधन पर कोई वित्तीय भार नहीं पड़ेगा. कार पास, जूनियर अधिकारी पदोन्नति नीति में बदलाव, सुपरवाइजरी कैडर लागू करना, ग्रेड वाइज पदनाम आदि कई ऐसे मुद्दे है, जिसके लिए प्रबंधन को सिर्फ नियम बदलना है.

एनजेसीएस यूनियन नेताओं के रवैये से भी सेल कर्मी आक्रोशित

बीएकेएस के नेताओं ने कहा कि बीएसएल कर्मचारी प्रबंधन के मूड को भांप कर अब सबक सिखाने की तैयारी में जुट गये हैं. हड़ताल का प्रमुख मुद्दा अवैध बोनस फॉर्मूला को जबरदस्ती लागू करना व उसके हिसाब से कर्मियों के खाते में जबरदस्ती बोनस राशि को भेज देना है. सरकारी कंपनी के प्रबंधन द्वारा निजी कंपनी के मालिक से भी बुरा व्यवहार करने से सेल कर्मी बुरी तरह आहत है. उसके बाद एनजेसीएस यूनियन नेताओं के रवैये से भी सेल कर्मी काफी आक्रोशित है. अभी के समय प्रबंधन के विरुद्ध सड़क पर उतरने के बदले एनजेसीएस नेता अपने परिवार के साथ हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई में आराम फरमा रहे हैं. सभा को बीएकेएस अध्यक्ष हरिओम, उपाध्यक्ष मो मुश्ताक आलम, महासचिव दिलीप कुमार, वरिष्ठ सदस्य अर्जुन महतो ने संबोधित किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >