Bokaro News : वार्ड छह के गली-मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट का अभाव

Bokaro News : फुसरो नगर परिषद के वार्ड नंबर छह में कई समस्याएं हैं.

फुसरो नगर परिषद के वार्ड नंबर छह में मुख्य रूप से अमलो बस्ती, पुराना सुभाष नगर व ताराबेड़ा गांव का आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र आता है. वार्ड की आबादी लगभग पांच हजार है. वोटरों की संख्या लगभग 3100 है. इस वार्ड के ताराबेड़ा में पेयजल की सबसे बड़ी समस्या है. यहां के लोग नप द्वारा की जलापूर्ति योजना के लाभ से वंचित हैं. यहां पाइप लाइन बिछाया नहीं गया है. लोग सोलर डीप बोरिंग, चापाकल, कुआं व नाला के पानी से काम चला रहे हैं. ताराबेड़ा से मुख्य बाजार को जोडने के लिए पक्की सड़क भी नहीं बनी है. इधर, अमलो बस्ती व पुराना सुभाष नगर में नालियां जर्जर हैं. अमलो बस्ती के काली मंदिर टोला में बरसात के दिनों में पहाड़ियों से बह कर आने वाला पानी आ जाता है और तालाब जैसा बन जाता है. निवर्तमान पार्षद रीता कुमारी का कहना है कि ताराबेड़ा की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आवाज उठाती रही हूं.

आठ वर्षों में क्या बदला

फुसरो नप से वार्ड में सैकड़ों आवासों में जलापूर्ति कनेक्शन कराया गया है. कई जगह पीसीसी पथ और नाली का निर्माण हुआ. सभी धार्मिक स्थलों में पेवर ब्लॉक बिछाया गया है. अमलो बस्ती में हेमचंद तुरी के घर के समीप से अखिलेश्वर तुरी के आवास तक, ताराबेड़ा से बंधुबेड़ा तक, अमलो बस्ती के तालाब के चारों ओर एवं ताराबेड़ा में सड़कों का निर्माण हुआ है. झंडा चौक में सामुदायिक भवन, कर्बला में शेड बना और ताराबेड़ा में विधायक मद से सोलर डीप बोरिंग करायी गयी. इमामबाड़ा से संतोष साव के घर तक एवं सरस्वती मंदिर से तालाब तक नाली का निर्माण कराया गया. जरूरतमंद लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और शौचालय सहित पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाया गया है.

पूर्व वार्ड पार्षद का दावा

पूर्व पार्षद कैलाश ठाकुर ने कहा कि कुछ कि कुछ जरूरी कार्य हुए भी हैं, मगर पूरी तरह संतोषजनक नहीं हो पाया. वार्ड के शिवमंदिर टोला में पाइप लाइन नहीं बिछा है. खदान का पानी पीने को लोग विवश हैं. हमारे कार्यकाल में सीसीएल के हॉल रोड से ताराबेड़ा, बंधुबेड़ा तक सड़क निर्माण करवाया गया. ताराबेड़ा में सीसीएल द्वारा बिजली पहुंचायी गयी. वार्ड क्षेत्र में सभी गली मोहल्लों का पक्कीकरण किया गया. इस वार्ड की सफाई नियमित व बेहतर ढंग से नहीं हो पाती है. नियमित सफाई के लिए दो की जगह चार सफाई कर्मी जरूरी है.

एक्सपर्ट व्यू

निर्मल महतो व संतोष साव ने कहा कि इस वार्ड के गली-मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट लगना चाहिए. काली मंदिर के मुख्य द्वार से मेन रोड तक पीसीसी रोड, करम अखाड़ा के समीप पेवर ब्लॉक, वर्णवाल पट्टी में शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम होना चाहिए. अमलो तालाब में चेंजिग रूम , काली मंदिर मोहल्ला में ड्रेन बनवाने की आवश्यकता है. अमलो में सुसज्जित सामुदायिक भवन की आवश्यकता है. नालियों की सफाई बेहतर व नियमित रूप से की जानी चाहिए. वार्ड में एक पार्क, खुला जिम व प्रशिक्षण केंद्र आदि का निर्माण हो. ताराबेड़ा से अमलो होते हुए मुख्य सड़क तक पथ निर्माण किया जाये. ताराबेड़ा में जविप्र दुकान का संचालन हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >