बोकारो, बोकारो स्टील प्लांट के इस्पात भवन में शुक्रवार को आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. सभी को आपातकालीन स्थिति में क्या सावधानियां बरतनी है, इसके विषय में बताया गया. सबसे पहले सायरन बजा कर सभी को बाहर सुरक्षित स्थान पर निकलने के लिए अलर्ट किया गया. वैसे लोग, जो बिल्डिंग में ऊपर के तल पर थे, उन्हें सीआइएसएफ फायर विंग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एरियल हाइड्रोलिक रेस्क्यू प्लेटफार्म का इस्तेमाल किया.
समय-समय पर इस तरह का अभ्यास बहुत जरूरी : निदेशक प्रभारी
निदेशक प्रभारी बीके तिवारी ने मॉक ड्रिल की अहमियत को रेखांकित करते हुए आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए इसे आवश्यक बताया. कहा कि समय-समय पर इस तरह का अभ्यास बहुत जरूरी है. मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्नि शमन सेवायें) बीके सरतापे के दिशा-निर्देश में ड्रिल हुआ. आयोजन में सीआइएसएफ फायर विंग, बीएसएल सुरक्षा अभियंत्रण विभाग, बीजीएच, संपर्क एवं प्रशासन विभाग आदि का अहम योगदान रहा. संचालन सहायक महाप्रबंधक (अग्नि शमन सेवाएं) कुमार रजनीश ने किया. मौके पर अधिशासी निदेशक व सुरक्षा अभियंत्रण विभाग के वरीय अधिकारी व इस्पात भवन के कर्मी उपस्थित थे.रोल ग्राइंडिंग मशीनों का नवीनीकरण
बीएसएल के रोल ग्राइंडिंग एंड बेयरिंग शॉप (आरजीबीएस) के अंतर्गत एचआरएम शॉप में स्थित रोल ग्राइंडिंग मशीनें सीएनसी 9 व सीएनसी 10 का सफलतापूर्वक नवीनीकरण किया गया है. इस महत्वपूर्ण तकनीकी उन्नयन का औपचारिक उद्घाटन अधिशासी निदेशक (संकार्य) सीआर महापात्रा ने किया. आरजीबीएस विभाग के मुख्य महाप्रबंधक केके पांडे ने बताया कि इस नवीनीकरण के फलस्वरूप सीएनसी मशीनों से उत्पादित रोल की गुणवत्ता व परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो हॉट स्ट्रिप मिल के उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा. श्री महापात्रा ने विभाग की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता और सतत सुधार के प्रयासों की सराहना की. मुख्य महाप्रबंधक (अनुरक्षण) शरद गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (सीईडी) शालिग्राम सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (एचएसएम) वीके सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (सीआरएम-III) आरके झा, मुख्य महाप्रबंधक (एचआरसीएफ) पीकेवर्मा व आरजीबीएस विभाग के महाप्रबंधक पीपी राव व नागेश रामटेके समेत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे. धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक (आरजीबीएस) नंद कुमार ने किया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
