बोकारो, हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-9 के स्ट्रीट पांच में दंपती और उनके दो साल के मासूम बेटे के मौत मामले में पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है. मृतक कुंदन कुमार तिवारी के भाई राहुल तिवारी ने मकान मालिक परमेश्वर पांडेय, उसकी पत्नी, पुत्र आशीष कुमार और आशीष के दोस्त मुकेश कुमार को आरोपी बनाया है. बताते चलें कि आउट हाउस के एक कमरे में बुधवार की दोपहर कुंदन तिवारी, उसकी पत्नी रेखा देवी और पुत्र रेयांश के शव संदिग्ध अवस्था में मिले थे. घटना की जानकारी मिलने पर कुंदन के परिजन बिहार के बांका से गुरुवार की सुबह बोकारो पहुंचे. कुंदन बांका जिले के अमरपुर थाना अंतर्गत कामदेवपुर का रहनेवाला था. परिजन हरला थाना पहुंचे और थानेदार खुर्शीद आलम से मिलकर घटना की जानकारी ली. राहुल तिवारी ने शिकायत में कहा है कि बकाया पैसे के लिए मकान मालिक व उसके परिजन कुंदन व उसकी पत्नी के साथ लगातार मारपीट कर रहे थे. उन्हें बंधक तक बना लिया था. 10 दिन पूर्व आरोपियों ने दोनों से जमकर मारपीट की थी. उसका भाई काफी परेशान था. राहुल के अनुसार, बुधवार की दोपहर कुंदन कुमार तिवारी, उसकी पत्नी रेखा देवी व उसके दो वर्षीय पुत्र रेयांश की साजिश के तहत हत्या कर दी गयी. पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है. इधर, बीजीएच के मोर्चरी में रखे गये तीनों शव पुलिस ने गुरुवार को परिजन को सौंप दिया. परिजनों ने अंतिम संस्कार बोकारो स्थित श्मशान घाट पर कर दिया.
छोटे भाई ने शवों को दी मुखाग्नि
गुरुवार को तीनों के शवों का अंतिम संस्कार बोकारो के एक श्मशान घाट पर किया गया. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतक के छोटे भाई नंदू तिवारी ने मुखाग्नि दी. मालूम हो कि घटना की जानकारी मिलने पर गांव से पिता गौरीशंकर तिवारी, मां भुल्ली देवी व छोटा भाई नंदू तिवारी सहित अन्य परिजन बोकारो के लिए रवाना हो गये थे. कुंदन पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था. बड़े भाई गोपाल तिवारी का दो वर्ष पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था. दूसरा भाई बवुआ तिवारी घर पर मेहनत-मजदूरी करता है. चौथा भाई पटना में ट्यूटर है. सबसे छोटा भाई नंदू तिवारी अमरपुर में होम डिलीवरी का काम करता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
