Bokaro News : रेलवे स्टेशनों पर एक जैसी दिखेंगी घड़ियां, डिजाइनिंग के लिए प्रतियोगिता आयोजित

Bokaro News : भारतीय रेलवे ने राष्ट्रीय स्तर पर मांगे आवेदन, 31 मई तक अंतिम तिथि, विजेता को रेलवे की ओर से पुरस्कार भी दिया जायेगा.

बोकारो, यदि आप ट्रेन से सफर करते हैं, तो रेलवे स्टेशन पर लगी घड़ियों को जरूर देखते होंगे. हर स्टेशन पर घड़ियों की अलग-अलग डिजाइन होती है. कहीं गोलाकार घंटे वाली, तो कहीं डिजिटल घड़ियां, लेकिन अब यह स्थिति बदलेगी. भारतीय रेलवे स्टेशनों पर लगने वाली घड़ियों को एक समान रूप देने की तैयारी में है. यानी अब किसी भी स्टेशन पर जायेंगे, तो वहां लगी घड़ियों की डिजाइन एक जैसी होगी. घड़ी की डिजाइन कैसी होगी, यह अभी तय नहीं है, लेकिन रेलवे ने इसमें आम नागरिकों की राय जानने की एक पहल की है. उसे राष्ट्रीय डिजिटल घड़ी डिजाइन प्रतियोगिता का रूप दिया गया है. आम लोगों की भेजी गयी डिजाइनों में किसी एक पर रेलवे की टीम अंतिम मुहर लगायेगी. चयनित डिजाइन के अनुसार सभी रेलवे स्टेशनों पर घड़ियां लगायी जायेंगीं. इसके अलावा, विजेता को रेलवे की ओर से पुरस्कार भी दिया जायेगा. रेलवे ने डिजिटल घड़ी डिजाइनिंग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आवेदन मांगे हैं. डिजिटल घड़ियों की डिजाइनिंग के लिए प्रतियोगिता शुरू की गयी है. इसमें शामिल होने के लिए आपको मौलिक डिजाइन बनाकर रेलवे को contest.pr@rb.railnet.gov.i n पर भेजना होगा. इसकी अंतिम तिथि 31 मई तक की है. प्रतियोगिता तीन श्रेणी प्रोफेशनल, कॉलेज स्तरीय और स्कूली विद्यार्थी की कैटेगरी में होगी. विजेता को पांच लाख रुपये तक का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा. इसी तरह हर कैटेगरी में पांच विजेताओं को 50-50 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा. पुरस्कार की घोषणा अंतिम तिथि के बाद की जायेगी. प्रतियोगिता की जानकारी आद्रा मंडल के पीआरओ राजकुमार प्रसाद ने साझा की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >