Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट : 15 अक्तूबर को खत्म हो रही डेडलाइन, कई काम अब भी अधूरे

Bokaro News : आखिर कब शुरू होगी उड़ान, जुलाई में हुई बैठक में तय की गयी थी डेडलाइन, सतनपुर पहाड़ी पर वन विभाग को लगाना था हाइ इंटेंसिटी फ्लैश लाइट.

सीपी सिंह, बोकारो, बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान कब शुरू होगी, यह सवाल दिसंबर 2018 से अबतक सिर उठाये खड़ा है. हर साल, हर महीना सवाल का उत्तर देने के लिए जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधि की ओर से तारीख की घोषणा की जाती है. लेकिन, हर बार सवाल दृढ़ता के साथ फिर से खड़ा हो जाता है. जुलाई में हुई बैठक में तय किया गया था कि 15 अक्तूबर तक सभी निर्माण काम पूरा हो जायेगा. लेकिन, अभी भी बहुत काम जस का तस पड़ा हुआ है. मसलन, सतनपुर पहाड़ी पर हाइ इंटेंसिटी फ्लैश लाइट का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है. जानकारी के मुताबिक इसके लिए सर्वे का काम हो चुका है. कुछ दिनों में निर्माण काम पूरा हो जायेगा.

आरसीसी बनाम मेटल

जानकारों की माने तो बोकारो एयरपोर्ट के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा एयरपोर्ट क्षेत्र में बना सिक्योरिटी सेफ्टी हट है. निर्मित सभी टावर मेटल का बना हुआ है. जबकि, नये नियम के अनुसार हट आरसीसी यानी सीमेंट का बना होना चाहिए. अब इसी कारण सुरक्षा संबंधित क्लीयरेंस मिलने में परेशानी हो रही है. जानकारी के मुताबिक सात अक्तूबर को जिला प्रशासन ने बोकारो एयरपोर्ट के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक बुलायी है. बैठक में एयरपोर्ट के उड़ान संबंधित सभी विभाग के अधिकारी मौजूद होंगे.

सबसे बड़ी बाधा एयरपोर्ट परिसर में बनाये गए सुरक्षा चौकियों ( सेफ्टी हट्स) को लेकर हैं. एएआइ ने परिसर में 10 मानक आयरन-निर्मित चौकियां स्थापित की थीं, जिन्हें रांची व कोलकाता एयरपोर्ट पर उपयोग किए जाने वाले मॉडल के आधार पर बनाया गया था. लेकिन, निरीक्षण के दौरान बीसीएएस ने इन्हें खारिज कर दिया. निर्देश दिया कि इनकी जगह बुलेटप्रूफ सुरक्षा चौकियां बननी चाहिए, जिनमें कंक्रीट के खंभे व फर्श होना चाहिए. जानकारों की माने तो एएआई ने बीसीएएस से अस्थायी छूट की मांग की है. भरोसा दिलाया है कि चरणबद्ध तरीके से बुलेटप्रूफ चौकियां बनायी जायेगी.

कई प्रकिया हैं बाकी

12 सितंबर को रांची एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्य दो दिवसीय दौरे पर बोकारो पहुंचे थे. उन्होंने बताया था कि एएआइ ने बीसीएएस को इस संबंध में छूट देने का पत्र भेजा है. लेकिन, वर्तमान स्थिति में इस संबंध में कोई फैसला नहीं हो सका है. एयरपोर्ट के आस-पास कुछ बूचड़खाना चल रहा है. इन सबको हटाया नहीं जा सका है. वहीं, एयरफील्ड क्रैश फायर टेंडर, एंबुलेंस, डॉग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ते की तैनाती की प्रक्रिया भी अब तक पूरी नहीं हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >