बोकारो: भारतीय जनता पार्टी-झारखंड प्रदेश ने मंगलवार देर शाम प्रदेश कार्यसमिति सदस्य की घोषणा की. कुल 55 सदस्य बनाये गये हैं. इनमें से 04 बोकारो जिला से हैं. पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह व जयदेव राय, 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति के पूर्व जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण नायक समेत कुमार अमित को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है. इसके अलावा गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय के पुत्र विक्रम पांडेय को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है.
बोकारो विस से 02 चेहरे, अन्य से 01-01
प्रदेश की ओर से घोषित टीम में बोकारो विधानसभा को वरीयता दी गयी है. जिला के 04 में से 02 प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोहित लाल सिंह व कुमार अमित बोकारो विस क्षेत्र से हैं. जबकि, जयदेव राय चंदनकियारी व लक्ष्मण नायक गोमिया विस क्षेत्र के हैं. विशेष आमंत्रित कार्यसमिति सदस्य विक्रम पांडेय बेरमो विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं. यानी प्रदेश कार्यसमिति के जरिये पार्टी ने हर विधानसभा को टच किया है.
