Bokaro News : प्रतिनिधि, चंदनकियारी. बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत संथाल लाघला ग्राम की लोक कलाकार सुश्री बबीता हेंब्रम को संगीत नाटक अकादमी, नयी दिल्ली ने प्रतिष्ठित बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किये जाने के लिए चयनित किया है. सुश्री बबीता हेंब्रम ने संथाली लोकनृत्य एवं लोकसंगीत के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया है. इस उपलब्धि पर क्षेत्र के कलाकारों, सांस्कृतिक प्रेमियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में हर्ष का वातावरण है. यह सम्मान संथाली लोककला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नयी पहचान प्रदान करेगा तथा युवा कलाकारों को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा. छऊ केंद्र, चंदनकियारी के समन्वयक डॉ संजय ने सुश्री बबीता हेंब्रम की प्रतिभा एवं सांस्कृतिक योगदान को देखते हुए उनके नाम की अनुशंसा की थी. उनके चयन पर डॉ. संजय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे झारखंड, विशेषकर संथाल समुदाय के लिए गौरव का विषय है. इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सांस्कृतिक संस्थाओं, कलाकारों एवं आम नागरिकों ने सुश्री बबीता हेंब्रम को बधाई दी हैं.
Bokaro News : चंदनकियारी की बबीता हेंब्रम को मिलेगा बिस्मिलाह खां युवा पुरस्कार
Bokaro News : संथाली लोकनृत्य एवं लोकसंगीत के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान
