भाजपा बोकारो जिला कमेटी का विस्तार अप्रैल के पहले सप्ताह में हो जायेगा. इसमें सोशल इंजीनियरिंग का विशेष ख्याल रखा जायेगा. महिलाओं को टीम में प्रमुखता से जगह दी जायेगी. इस बार मंडल कमेटियों की संख्या 27 से बढ़ा कर 31 की जायेगी. भाजपा के लोगों की माने तो नगर निकाय चुनाव में पार्टी की हार को देखते हुए कमेटी में स्थानीय स्तर पर सामाजिक समीकरणों का ध्यान रखा जायेगा. जिला में मंडल की टीम विस्तार का फॉर्मेट मंडल अध्यक्षों को मिल गया है. एक सप्ताह के अंदर सभी मंडलों की टीम बन जायेगी. वर्तमान में 15 मंडल अध्यक्ष की घोषणा हुई है. कुछ दिन में अन्य 16 की घोषणा होगी. मंडल स्तर पर भी अध्यक्षों की नियुक्ति या निर्वाचन में केंद्रीय नेतृत्व को सूचना दी जायेगी. नामों की घोषणा से पहले तीन स्तर पर क्रॉस चेक करने की व्यवस्था बनायी गयी है.
मंडल स्तर पर लगाया जायेगा प्रशिक्षण शिविर
मंडल स्तर तक के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा. सभी 31 मंडल में शिविर का आयोजन होगा. साथ ही जिला स्तर पर भी कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा. प्रशिक्षण में पार्टी के प्रमुख नेता शामिल होंगे. जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज ने कहा कि अप्रैल के पहले सप्ताह में जिला कमेटी का विस्तार कर लिया जायेगा.
