प्रतिनिधि, बोकारो
बोकारो जिला क्रिकेट संघ (बीडीसीए) के सबसे वरिष्ठ ग्राउंड्समैन व पिच क्यूरेटर महेंद्र महतो का शुक्रवार की सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. उनके निधन से बोकारो क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई. शुक्रवार की शाम बीडीसीए की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. बीडीसीए के अध्यक्ष पीएन सिंह ने कहा कि महेंद्र महतो संघ के गठन काल से ही ग्राउंड्समैन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. बोकारो क्रिकेट के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है. जिले में पहले टर्फ विकेट का निर्माण भी उनके नेतृत्व में हुआ था. उनके द्वारा तैयार किए गए टर्फ विकेट पर अभ्यास कर जिले के कई खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और बोकारो का नाम रोशन किया.
बीडीसीए के सचिव राजेश रंजन ने कहा कि महेंद्र महतो का निधन बोकारो क्रिकेट के लिए अपूरणीय क्षति है. उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा. श्रद्धांजलि सभा में संजय सिंह, उमेश कुमार पाठक, दिलीप कुमार सिंह, राजेश्वर सिंह, संजय पांडे, संजीव रंजन, अजय पाठक, कुंदन सिंह, अनिल कुमार, राजेश कुमार, अजय कुमार, रूपेश कुमार, राजीव मोहन, प्रदीप कुमार, संजय पहाड़ी, किशून गोप, योगेंद्र कुमार, अनुज कुमार महतो, प्रमोद कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, दीपक कुमार सहित अन्य सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. धर्मनाथ कुमार
