बरमसिया ओपी क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुई सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क जाम कर दिया. बरमसिया ओपी प्रभारी शैलेन्द्र कुमार पासवान, सीओ चंदनकियारी रवि आनन्द के समझाने पर मृतक के परिजनों ने जाम को खत्म किया.
वंही घटना के बाद ग्रामीणों ने हाइवा को पकड़ा कर पुलिस के हवाले भी कर दिया. हादसे में मृतक के भाई सुनील उरांव के बयान पर चालक व गाड़ी संख्या जेएच एभी 2841 पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में ले लिया है.
युवक देर रात लौट रहा था घर
मालूम हो कि ओपी क्षेत्र अंतर्गत चंदनकियारी पुरुलिया मुख्य सड़क पर मंगलवार देर रात को मुक्तापुर मोड़ पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी. युवक ओपी क्षेत्र के उरांवडीह गांव निवासी स्व बीरबल उरांव का 27 साल का बेटा संजय उरांव बताया जा रहा है.
मृतक युवक मुक्तापुर मोड़ में होटल चलाता था. रात में वह अपना होटल बंद कर मुक्तापुर जा रहा था. इसी दौरान हाइवा ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई.
