गलत रिफंड क्लेम मामले में वकील के कार्यालय में सर्वे
पटना कार्यालय के निर्देश पर बोकारो की टीम ने किया सर्वे
बोकारो : आइटी सर्वे में सेक्टर 02 सी-काली मंदिर के पास वकील के कार्यालय से दिव्यांग सर्टिफिकेट बनाने वाले चिकित्सक व कुछ सीए (चार्टेड एकाउंटेंट) की मुहर बरामद की गयी. इनकम टैक्स में गलत रिफंड क्लेम के मामले में इनकम टैक्स (बोकारो) हजारीबाग डिविजन की टीम ने बुधवार को आइटी में प्रैक्टिस करने वाले वकील ददन सिंह के कार्यालय में सर्वे के सिलसिले में यह खुलासा हुआ.
आइटी प्रावधान के तहत दिव्यांगों को सेक्शन 80 डीडी व 80 यू के तहत छूट दी जाती है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सर्वे करने आयी टीम ने वकील ददन सिंह के कार्यालय से पिछले कई साल के आइटीआर संबंधित कागजात अपने साथ लेकर गयी है.
जरूरत के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जायेगी. बताते चले कि इनकम टैक्स में रिफंड के नाम पर इस साल 3000 केस खोला गया है. हजारीबाग डिविजन में 300 केस खुला है, इनमें से 100 से अधिक मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.सूत्रों ने बताया कि सर्वे करने का निर्देश बोकारो टीम को पटना कार्यालय से मिला था. मौके पर इनकम टैक्स के वरीय अधिकारी मौजूद थे.
